वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में इस साल हुआ मतदान पिछले 20 वर्षो के निचले स्तर पर रहा।
‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान के बाद चुनाव अधिकारी अब भी वोटों को सूचीबद्ध करने में जुटे हैं। करीब 1.26 करोड़ मतों की गणना पहले ही हो चुकी है, जिससे पता चलता है कि इस साल मतदान योग्य उम्र के लगभग 55 प्रतिशत नागरिकों ने वोट दिया।
इस साल राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुआ मतदान 1996 के बाद का सबसे निचला स्तर रहा, जब मतदान योग्य उम्र के केवल 53.5 प्रतिशत नागरिकों ने वोट दिया था।
सीएनएन के मुताबिक, कुछ महत्वपूर्ण राज्यों में मतदान के परिणाम पहले आ गए, जिससे ट्रंप की जीत की घोषणा की गई। इससे यह भी पता चला है कि इस साल 2012 के मुकाबले अधिक मतदाताओं ने वोट डाला, पर कुल मतदान प्रतिशत नीचे ही रहा।
फ्लोरिडा में इस साल लगभग 94 लाख लोगों ने वोट दिया, जबकि 2012 में यहां 85 लाख लोगों ने वोट किया था। मिशिगन में चार साल पहले 47 लाख वोट पड़ा था, जबकि इस बार 48 लाख लोगों ने वोट किया है। इसी तरह नॉर्थ कैरोलिना में 47 लाख लोगों ने वोट किया है, जो चार साल पहले हुए मतदान से अधिक है।
मतदान की पूरी तस्वीर तब तक स्पष्ट होने की उम्मीद नहीं है, जब तक कि विभिन्न राज्यों में अधिकारी वोटों को सूचीबद्ध करने तथा परिणाम के प्रमाणन का काम पूरा नहीं कर लेते। इस काम में कुछ सप्ताह लग सकते हैं।
सीएनएन के अनुसार, इस आंकड़े में उन लोगों को शामिल नहीं किया गया है, जो मतदान की उम्र के या पंजीकृत नहीं हैं।
dharmpath.com dharmpath