नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने जल्दबाजी और बगैर समुचित तैयारी के 500 और 1000 के नोटों का विमुद्रीकरण करने को लेकर शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार की तीखी आलोचना की। पार्टी ने कहा कि पूरा राष्ट्र इसी वजह से परेशानी झेल रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा, “यह एक ऐसा फैसला है, जो पूरी तरह सोच-विचार कर नहीं, उतावलेपन में लिया गया है। काले धन को दूसरे तरह के काले धन के रूप में बदला जा रहा है।”
सिब्बल ने मोदी पर निशाना साधते हुए विमुद्रीकरण को एक जुमला करार दिया।
कांग्रेस ने मोदी पर इस बात के लिए भी निशाना साधा कि वह देश को अराजकता की स्थिति में छोड़कर खुद जापान यात्रा कर रहे हैं।
कांग्रेस ने कहा, “ऐसे समय में जब प्रधानमंत्री को देश में होना चाहिए था, वह यहां नहीं जापान में हैं।”
सिब्बल ने कहा कि सरकार के इस कदम से लोगों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। बैंक और एटीएम के सामने जमा करने या पुराने नोट बदलकर नए नोट लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।
सिब्बल ने सवाल किया, “पैसा मेरा है, खाता मेरा है तो हम लाइन में खड़ा होकर इंतजार क्यों करें?”
उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी खुद को आम आदमी कहते हैं, लेकिन न तो वह कभी एटीएम के सामने लाइन में लगे हैं और न ही जानते हैं कि किस तरह से खर्चा चलता है। वह आटा, दाल, चीनी का दाम भी नहीं जानते।”
सिब्बल की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के एक बैंक के सामने पैसा निकालने के लिए बाहर लाइन में खड़े होने के बाद आई है।
सिब्बल ने मांग की कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले जितने भी पैसे खर्च किए, उसकी जांच के लिए एक जांच आयोग गठित किया जाए।
जनता की परेशानी को देखते हुए सरकार ने आवश्यक उपभोक्ता सुविधाओं पर प्रतिबंधित मुद्रा स्वीकारने की अवधि 14 नवंबर की मध्य रात्रि तक बढ़ा दी है। पहले यह सुविधा सिर्फ 72 घंटे के लिए ही थी।
dharmpath.com dharmpath