अयान पर सुपरहीरो का जुनून सवार है : इमरान हाशमी

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बेटे अयान के कैंसर पर लिखी किताब ‘द किस ऑफ लाइफ : हाउ अ सुपरहीरो एंड माय सन डिफिटेड कैंसर’ के लिए सराहना प्राप्त कर चुके अभिनेता इमरान हाशमी ने कहा कि उनके बेटे पर सुपरहीरो का जुनून सवार है।

इमरान ने सोशल मीडिया पर अपने छह साल के बेटे की सुपरहीरो की वेशभूषा में तस्वीरों को पोस्ट करना जारी रखा हुआ है। उनका कहना है कि अयान बैटमैन और आयरनमैन को बेहद पसंद करता है।

इमरान में आईएएनएस से कहा, “अयान सभी सुपरहीरो पर मोहित है। वह ढाई साल की उम्र से सुपरहीरो को पसंद करता है।”

उन्होंने कहा, “बैटमेन, आयरनमैन उसके पसंदीदा हैं। ये दोनों हमेशा से उसके पसंदीदा रहे हैं। इसलिए जब भी हम उससे कुछ कराना चाहते हैं तो हम इसका लाभ उठाते हैं। वह हमेशा सुपरहीरो पार्टी के लिए कहता है। उसका कमरा सुपरहीरो के पोस्टर और खिलौने से भरा है। इसे लेकर अयान पर जुनून सवार है।”

अयान, इमरान और परवीन शाहानी का पहला बच्चा है। वर्ष 2014 में चार साल की उम्र में अयान में कैंसर के प्रथम चरण का पता चला था।

इमरान ने कहा कि ‘द किस ऑफ लाइफ’ लिखने की वजह यह थी कि अयान खुद पर गर्व महसूस करे। उन्होंने यह किताब अयान के लिए लिखी है। जब वह थोड़ा बड़ा होगा, तो वह इस किताब को पढ़ेगा और खुद पर गर्व महसूस करेगा कि उसने बीमारी से कैसे संघर्ष किया था।

इमरान की आगामी फिल्म ‘अजहर’ 13 मई को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493