इटानगर, 17 मार्च (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल जे. पी. राजखोवा ने राज्य के दुर्गम इलाके को देखते हुए प्रदेश में केंद्र से तीन-चार और हवाई अड्डों और हेलीकाप्टरों के लिए और हेलीपैड बनाने की मांग दोहराई है।
राजखोवा ने नागरिक उड्डयन मंत्री पी. अशोक गजपति राजू से मुलाकात के दौरान यहां यह मांग की। उड्डयन मंत्री ने प्रदेश के होलोंगी इलाके में प्रस्तावित हवाई अड्डे के लिए 525 एकड़ से अधिक भूमि अधिगृहीत करने को कहा। राजभवन के प्रवक्ता अटुम पोटोम ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पोटोम कहा, “दोनों ने उड्डयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसमें नए हवाई अड्डों एवं राज्य के 20 हेलीपैड के जीर्णोद्धार के लिए पैसे की चर्चा भी थी।”
राज्यपाल ने इस पर भी जोर दिया कि विजय नगर, वालोंग, जीरो, आलू, मेचुका, टुटिंग और पासीघाट की उन्नत हवाई पट्टियों (एडवांस लैंडिंग ग्राउंड्स) का उपयोग नागरिक विमानों के लिए भी करके दोहरा उपयोग किया जा सकता है।
दिल्ली में हुई इस बैठक में मौजूद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण बोर्ड के एक सदस्य ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश सरकार को इसकी विस्तृत परियोजना तैयार करने के लिए 525 एकड़ से अधिक भूमि अधिगृहीत कर मुफ्त में सौंपना होगा।
इसके लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय, नीति आयोग और आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति से भी स्वीकृति मांगी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath