अर्जेटीना के लिए फीफा विश्व कप जीतने का आखिरी मौका : मेसी

ब्यूनस आयर्स, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। फुटबाल जगत के दिग्गज खिलाड़ियों में से एक लियोनेल मेसी ने कहा है कि उनके लिए रूस में अगले साल होने वाला विश्व कप टूर्नामेंट अर्जेटीना के लिए सबसे बड़ा खिताबी टूर्नामेंट जीतने का आखिरी मौका है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मेसी को अब भी अपनी राष्ट्रीय टीम के साथ इस टूर्नामेंट में खिताबी जीत हासिल करने का इंतजार है।

इससे पहले, 2014 विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना को हार का सामाना करना पड़ा था, वहीं मेसी अपनी राष्ट्रीय टीम के साथ 2015 और 2016 कोपा अमेरिका खिताब भी नहीं जीत पाए।

‘टीवाईसी स्पोर्ट्स’ को दिए बयान में मेसी ने कहा, “लोग राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के वर्तमान समूह को नहीं देखना चाहते हैं, क्योंकि इस टीम ने लंबे समय से कोई बड़ा खिताब नहीं जीता है। ऐसे में दर्शक भी एक ही चेहरे देखते हुए थक गए हैं।”

मेसी ने कहा, “मुझे लगता है कि मेरे लिए इस टीम के साथ बड़ा खिताब जीतने का यह आखिरी मौका है। काफी उत्साह है। अगर हमारा प्रदर्शन खराब होता है, तो पूरी टीम ही गायब हो जाएगी, क्योंकि हर खिलाड़ी के लिए टीम में बने रहना मुश्किल हो जाएगा।”

अर्जेटीना ने अक्टूबर में इक्वाडोर के खिलाफ खेले गए मैच में मेसी की हैट्रिक की बदौलत 3-1 से जीत हासिल कर विश्व कप में प्रवेश हासिल किया था।

अर्जेटीना को विश्व कप में आइसलैंड, नाइजीरिया और क्रोएशिया के साथ एक ग्रुप में शामिल किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493