अर्थव्यवस्था को सेवा क्षेत्र से मिल रही गति : राष्ट्रपति

ग्रेटर नोएडा, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। सेवा क्षेत्र को वर्तमान सहस्राब्दि का क्षेत्र बताते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि यह देश के लिए बदलाव लाने वाला कारक बन कर उभरा है और एक समावेशी तथा न्यायपूर्ण तरीके से देश के विकास को गति दे रहा है।

मुखर्जी ने कहा, “यह क्षेत्र देश का समावेशी और न्यायपूर्ण तरीके से विकास कर रहा है। रोजगार सृजन, कौशल विकास, एफडीआई लाने, व्यापार बढ़ाने तथा रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने के लिहाज से यह वर्तमान सहस्राब्दि का क्षेत्र है।”

उन्होंने ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित दूसरे ग्लोबल एक्जीबिशन ऑन सर्विसेज-2016 के उद्घाटन के बाद यह बात कही।

उन्होंने कहा कि देश के सेवा क्षेत्र में पूरी दुनिया में सर्वाधिक तेजी से विकास हो रहा है। 2001 के बाद से इसकी विकास दर नौ फीसदी से अधिक है। देश के सकल घरेलू उत्पाद में सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 1990-91 के 41 फीसदी से बढ़कर 2014-15 में 66 फीसदी हो गई है।

इस अवसर पर सेवा क्षेत्र पर जारी एक रपट में कहा गया है कि 2014 में सेवा क्षेत्र के वैश्विक निर्यात में देश के सेवा क्षेत्र की भागीदारी 3.2 फीसदी रही है, जबकि इस दौरान वैश्विक वस्तु निर्यात में देश के निर्यात की भागीदारी 1.7 फीसदी रही है।

केपीएमजी और भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा तैयार की गई रपट में कहा गया है कि वैश्विक सेवा निर्यात में भारत का आठवां स्थान है। रपट में यह भी कहा गया है कि देश के सेवा क्षेत्र की विकास दर दुनिया में दूसरी सर्वाधिक सालाना 10 फीसदी है।

मुखर्जी ने कहा कि सेवा क्षेत्र देश के विकास को गति देने वाला प्रमुख क्षेत्र बना रहेगा।

मुखर्जी ने साथ ही कहा कि सेवा क्षेत्र का रोजगार सृजन में सर्वाधिक योगदान रहा है। यह योगदान 2011-12 में 28.5 फीसदी रहा है, जो उद्योग क्षेत्र के मुकाबले चार फीसदी अधिक है।

इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री रवि शंकर प्रसाद, वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण, संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री महेश शर्मा और भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष नौशाद फोर्ब्स भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493