जम्मू, 15 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि अलगाववाद तथा संप्रदायवाद एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
यहां जम्मू विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों व शिक्षकों को संबोधित करते हुए महबूबा ने कहा, “मेरे लिए अलगाववाद व संप्रदायवाद एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, क्योंकि वे क्षेत्र, समाज तथा अंतत: देश को विभाजित करते हैं।”
विश्वविद्यालयों को भविष्य के नेताओं की नर्सरी बताते हुए उन्होंने कहा, “हमें यह समझना है कि हमारे मूल्यों को समाज से आना चाहिए और इसके लिए हमारे राज्य में जम्मू सबसे धर्मनिरपेक्ष जगह है।”
उन्होंने कहा, “शुरुआत से ही मेरे पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद जम्मू के आर.एस. पुरा से चुनाव जीतते रहे। जिस वक्त राज्य आतंकवादी हिंसा की आग में जल रहा था, तब जम्मू के लोगों ने पंडितों व मुसलमानों दोनों को ही खुले दिल से अपनाया।”
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि विद्यार्थियों को खुद को इस तरह से ढालना चाहिए कि वे देश को विभाजित करने वाली ताकतों को हरा सकें।
उन्होंने कहा, “विद्यार्थियों के पास अधिकार है और हम राजनीतिक गतिविधियों में उनका स्वागत करते हैं, लेकिन किसी अलगाववादी ताकत को उस गतिविधि का इस्तेमाल करने की मंजूरी नहीं दी जाएगी। विद्यार्थियों को खुद को इस तरह से ढालना चाहिए कि वे देश को विभाजित करने वाली ताकतों को हरा सकें।”
dharmpath.com dharmpath