नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने राष्ट्रीय राजधानी में रियायती दर पर दालों की बिक्री करने वाले मोबाइल वैन को बुधवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) द्वारा संचालित ये मोबाइल वैन दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में खासकर अरहर व उड़द की दाल 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचेंगे।
दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में केंद्रीय भंडार व सफल की दुकानें पहले से ही इस कीमत पर दालों की बिक्री कर रही हैं।
इस मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में पासवान ने कहा कि सरकार ने भंडारण के लिए 1,46,000 मीट्रिक टन दालों की खरीद की है।
पासवान ने कहा, “राज्य सरकारों से अनुरोध किया गया है कि वे भंडार से दाल लें और सुनिश्चित करें कि इन्हें 120 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक कीमत पर न बेची जाए।”
मंत्री ने उम्मीद जताई कि हाल ही में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी और अनुमानित तौर पर अच्छे मॉनसून से दालों के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath