मुजफ्फरपुर, 8 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को अवध-असम एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिस कारण व्यस्त रहने वाले हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलमार्ग पर कम से कम चार घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ए़ क़े रजक ने बताया कि 15910 अवध-असम एक्सप्रेस की तीन बोगी (दो सामान्य और एक शयनयान) मुजफरपुर रेलवे स्टेषन पहुंचने से पहले पटरी से उतर गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
रजक ने बताया कि दुर्घटना के बाद रेलवे पटरी के क्षतिग्रस्त होने के कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन करीब चार घंटे तक बाधित रहा। उन्होंने बताया कि 11 बजे क्षतिग्रस्त पटरियों को दुरुस्त कर इस रेलखंड पर परिचालन शुरू कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को अलग कर अवध-असम एक्सप्रेस को भी गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
dharmpath.com dharmpath