अवैध शिकार माफिया से मंत्री का संबंध : कांग्रेस

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई कांग्रेस ने शनिवार को वन मंत्री सुधीर मुंगंतीवार पर अंतर्राष्ट्रीय अवैध शिकार माफिया से गठजोड़ का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।

मंत्री ने आरोप को सिरे से खारिज किया और कहा कि वह मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

निरूपम ने दावा किया है कि वर्ष 2014 में 14 बाघों की मौत हुई। उसके बाद 2016 में 16 बाघ मरे, फिर 2017 में 21 बाघों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि इससे साबित होता है कि मुंगंतीवार के वन मंत्री रहते हुए प्रदेश में राष्ट्रीय पशु बाघ खतरे में है।

निरूपम ने मंत्री पर आरोप लगाया, “वर्ष 2017 में प्रदेश में मध्यप्रदेश के बाद सबसे ज्यादा बाघों की मौत हुई। इस बात की पूरी संभावना है कि मुंगंतीवार का अंतर्राष्ट्रीय अवैध शिकार माफिया के साथ गठजोड़ है।”

निरूपम के बयान पर तुरंत पलटवार करते हुए मुंगंतीवार ने कहा कि वैश्विक अवैध शिकारी से उनका नाम जोड़कर कांग्रेस नेता जानबूझकर विश्व समुदाय के सामने देश की छवि खराब कर रहे हैं।

मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, “मेरे कार्यकाल में सिफ एक बाघिन (अवनि) की हत्या की गई। वह भी सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार। निरूपम गलत तरीके से अन्य सभी बाघों की प्राकृतिक मौत को शामिल कर रहे हैं, जैसे कि वन्यजीव अनश्वर हैं। मैं उनके खिलाफ चंद्रपुर अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493