अश्विन ने सर्वोच्च वरीय टेस्ट गेंदबाज के तौर पर किया वर्ष का समापन (लीड-1)

दुबई, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के स्टार ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त टेस्ट गेंदबाज के तौर पर वर्ष का समापन किया और ऐसा करने वाले वह भारत के पहले गेंदबाज बन गए।

गुरुवार को वर्षात पर जारी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा टेस्ट रैंकिग में ऑफ स्पिन गेंदबाज अश्विन शीर्ष पर कायम हैं।

अश्विन भारत के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के बाद भारत के दूसरे ऐसे गेंदबाज हैं जिन्हें टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान मिला है।

अश्विन को दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन के इंग्लैंड के खिलाफ डरबन टेस्ट मैच में चोटिल हो जाने के बाद पहली बार पहला स्थान हासिल हुआ है।

स्टेन के पहली पारी में लिए गए चार विकेट उन्हें पहले स्थान पर बने रहने के लिए काफी साबित नहीं हुए।

अश्विन से पहले बेदी ने 1973 में पहला स्थान हासिल किया था। भारत के भगवत चंद्रशेखर, कपिल देव और अनिल कुंबले आईसीसी रैंकिंग में दूसरे स्थान तक पहुंच चुके हैं।

2015 में अश्विन सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज रहे। उन्होंने नौ टेस्ट मैचों में 65 विकेट अपने नाम किए। साल की शुरुआत में वह रैंकिंग में 15वें स्थान पर थे। लेकिन साल भर शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने साल के अंत में यह मुकाम हासिल किया।

अश्विन ने हाल ही में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ संपन्न हुई टेस्ट श्रृखंलाओं में शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में उन्होंने 21 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 31 विकेट लिए और दोनों श्रृखंला में मैन ऑफ द सीरीज भी रहे।

अश्विन ने बल्ले से भी समय-समय पर अहम योगदान दिए। उन्होंने इस वर्ष 20.66 की औसत से 248 रन बनाए जिसमें तीन अर्धशतक भी शमिल हैं। एकदिवसीय गेंदबाजों की रैंकिंग में वह 10वें और टी-20 में पांचवें स्थान पर हैं।

इस मौके पर अश्विन ने कहा, “टेस्ट में नंबर एक गेंदबाज के तौर पर साल का समापन करना काफी संतोषजनक है। मैं हमेशा से ही यहां पर पहुंचना चाहता था। 2015 को अलविदा कहने का इससे अच्छा तरीका नहीं हो सकता।”

शीर्ष-10 टेस्ट गेंदबाजों में अश्विन के अलावा भारत के एक और गेंदबाज रविंद्र जडेजा भी शामिल हैं। जडेजा को छठां स्थान प्राप्त हुआ।

इस मौके पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने कहा, “2015 में भारतीय टीम ने जो सफलता हासिल की है उसे देखकर में काफी खुश हूं। श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई दो श्रृखंलाओं में अश्विन मैच जिताऊ खिलाड़ी के तौर पर उभरे और यह साल को अलविदा कहने का सबसे अच्छा तरीका है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।”

अश्विन की सफलता पर बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, “यह अश्विन के शानदार खेल का नतीजा है जो वह आज 1973 के बाद आईसीसी टेस्ट रैंकिग में पहले स्थान पर हैं। उन्होंन भारत को नंबर दो पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। मैं उन्हें आने वाले साल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

अश्विन को टेस्ट हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी पहला स्थान प्राप्त हुआ है,जबकि जडेजा इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं।

टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में हाल ही में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर का खिताब जीतने वाले आस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ पहले स्थान पर हैं। इस सूची में भारत का कोई भी बल्लेबाज शीर्ष-10 में शामिल नहीं है।

शीर्ष-10 टेस्ट बल्लेबाज :

1. स्टीव स्मिथ (आस्ट्रेलिया) : 899 अंक

2. केन विलियमसन (न्यूजीलैंड): 899

3. जोए रूट (इंग्लैंड) : 888

4. अब्राहम डिविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका) 877

5. डेविड वार्नर (आस्ट्रेलिया) 827

6. यूनुस खान (पाकिस्तान) 826

7. एंजेलो मैथ्यूज (श्रीलंका) 808

8. हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका) 774

9. मिस्बाह-उल-हक(पाकिस्तान) 764

10. एलिस्टर कुक (इंग्लैंड) 764

शीर्ष-10 टेस्ट गेंदबाज :

1. रविचंद्रन अश्विन (भारत) : 871 अंक

2. डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका) : 867

3. स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) : 859

4. यासिर शाह (पाकिस्तान) : 846

5. जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) : 838

6. रविंद्र जडेजा (भारत) : 789

7. ट्रेंट बोल्ट (न्यूजीलैंड) : 787

8. जोस हाजलेवुड (आस्ट्रेलिया) : 752

9. वेर्नोन फिलेंडर (दक्षिण अफ्रीका) : 739

10. टिम साउदी (न्यूजीलैंड) : 731

शार्ष-5 हरफनमौला टेस्ट खिलाड़ी :

1. रविचंद्रन अश्विन (भारत) : 406 अंक

2. शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) : 384

3. स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) : 326

4. वेर्नोन फिलेंडर (दक्षिण अफ्रीका) : 293

5. रविंद्र जडेजा (भारत) : 259

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493