गुवाहाटी, 19 जून (आईएएनएस)। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में शिकारियों ने एक गैंडे को मार डाला और उसकी सींग लेकर भाग गए।
एक अधिकारी ने रविवार को कहा, “उद्यान के चौकीदारों ने आज (रविवार) सुबह बागोरी रेंज में एक मादा गैंडे का शव पाया। उसकी सींग गायब थी, जिससे संकेत मिलता है कि यह शिकार का मामला है।”
गैंडे का शिकार शनिवार शाम किया गया था। शिकारियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
असम के गोलाघाट और नागांव जिलों में फैले यूनेस्को के विश्व विरासत स्थल, इस राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष एक सींग वाले गैडे का यह नौवां शिकार है।
गैंडे के शिकार की घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब मुश्किल से सप्ताह भर पहले असम की नई वनमंत्री प्रमिला रानी ब्रह्मा ने उद्यान का दौरा किया था।
पिछले सप्ताह शिकारियों ने एक सींग वाले एक गैंडे का शिकार उस समय किया था, जब प्रमिला रानी ब्रह्मा शिकार रोधी रणनीति की समीक्षा करने वहां गई थीं। उसके बाद उन्होंने उद्यान के निदेशक को निलंबित कर दिया था।
मंत्री ने उद्यान के नए निदेशक को निर्देश भी दिया कि एक सींग वाले गैंडे का शिकार रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
dharmpath.com dharmpath