गुवाहाटी, 18 मई (आईएएनएस)। असम की बराक घाटी के हैलाकांडी और कारीमगंज जिले में बुधवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आकर कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं।
असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि हैलाकांडी में 6 लोगों की और करीमगंज जिले में 5 लोगों की मौत हुई है।
पुलिस ने बताया कि हैलाकांडी में मरने वालों में एक ही परिवार के 5 लोग भी शामिल हैं। पति-पत्नी, उनके दो बेटों और एक बेटी की मौत हुई है।
एएसडीएमए के मुताबिक तीन जिले हैलाकांडी, करीमगंज और दीमा हसाओ लगातार हो रही बारिश के कारण होने वाले भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हैं।
एएसडीएमए ने सोनितपुर, बिश्वानाथ, लखीमपुर, धेमाजी, तिनसुकिया और उदलगुरी जिलों में आने वाले दिनों में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है।
एएसडीएमए ने एक बयान जारी कर कहा, “मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में अरुणाचल प्रदेश के तवांग, पूर्वी केमेंग, पश्चिमी केमेंग, कुरुं ग गूमे, पामुम पारे, लोअर सुबानसिरी, अनजाव, दिवांग घाटी में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।”
dharmpath.com dharmpath