प्रज्ञा ठाकुर ने उज्जैन में बच्चे के हाथ मिठाई खाकर अनशन तोड़ा (लीड-2)

उज्जैन/भोपाल, 18 मई (आईएएनएस)। मालेगांव विस्फोट में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से क्लीनचिट पाने वाली साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर मध्य प्रदेश के उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ के दौरान क्षिप्रा नदी में स्नान करने के लिए भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच उज्जैन पहुंच गई हैं, जहां उन्होंने एक बच्चे के हाथ से मिठाई खाकर अनशन तोड़ा। देवास जिला अदालत के आदेश पर सरकार उन्हें क्षिप्रा में स्नान करने को भेजने के लिए राजी हुई।

साध्वी प्रज्ञा भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने समर्थकों के काफिले के साथ एंबुलेंस से बुधवार की दोपहर लगभग 12 बजे खुशीलाल आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय से रवाना हुई थीं और शाम लगभग पांच बजे यहां पहुंची। उन्होंने उज्जैन पहुंचकर एक बच्चे के हाथ मिठाई खाकर अपना आमरण अनशन खत्म किया। वंदे मातरम आश्रम पहुंचकर उन्होंने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कुछ नेताओं से चर्चा की। उनका यहां क्षिप्रा नदी में स्नान का कार्यक्रम है।

उल्लेखनीय है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक सुनील जोशी की हत्या में शामिल होने का आरोप है और इस मामले में देवास जिले की अदालत में सुनवाई चल रही है। साध्वी की ओर से सिंहस्थ कुंभ में स्नान के लिए किए गए आवेदन पर न्यायालय ने उन्हें 21 मई से पहले स्नान कराने के निर्देश सरकार को दिए थे। इसके बाद भी सरकार की ओर से कोई पहल नहीं किए जाने पर उन्होंने सोमवार से भोपाल के खुशीलाल आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आमरण अनशन शुरू कर दिया था।

साध्वी इन दिनों राजधानी भोपाल के केंद्रीय जेल में बंद हैं। उनकी बीमारी का भोपाल के खुशीराम आयुर्वेदिक चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। साध्वी के करीबी भगवान झा के अनुसार, मंगलवार को देवास न्यायालय ने दोबारा सरकार को साध्वी को उज्जैन में स्नान कराने के निर्देश दिए, जिस पर उन्हें बुधवार को भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच यहां से उज्जैन के लिए एक एंबुलेंस से रवाना किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश भदौरिया ने संवाददाताओं को बताया कि साध्वी को सुरक्षा व्यवस्था के बीच चिकित्सकों के दल के साथ उज्जैन भेजा गया है। उन्हें सुबह पांच बजे भेजा जाना था, मगर स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उज्जैन भेजने में विलंब हुआ।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो दिनों से अनशन पर होने के कारण साध्वी प्रज्ञा के स्वास्थ्य में काफी गिरावट आई है। उनका रक्तचाप स्थिर नहीं हो पा रहा था है, लिहाजा उन्हें दवाएं दी गई और यात्रा के लायक स्वास्थ्य होने पर उन्हें उज्जैन जाने की अनुमति दी गई।

उज्जैन में 22 अप्रैल से सिंहस्थ कुंभ शुरू हुआ है और 21 मई को इसका समापन होने वाला है। साध्वी 21 मई से पहले क्षिप्रा में स्नान करने की जिद पर अड़ी हुई थीं और इसके लिए उनकी ओर से देवास न्यायालय में आवेदन भी किया गया था ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493