असम : शुरुआती चार घंटे में रिकार्ड 23 फीसदी मतदान (लीड-3)

गुवाहाटी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। असम में सुबह सात बजे से विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 65 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि शुरुआती 4 घंटों में करीब 23 फीसदी मतदान हुआ।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नितिन खाड़े ने आईएएनएस को बताया, “हमने सुबह 11 बजे तक रिकार्ड 23 फीसदी मतदान दर्ज किया। मतदान शांतिपूर्ण बना हुआ है। कुछ इलाकों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कुछ दिक्कतें पेश आई थीं, लेकिन उन्हें तुरंत दूर कर दिया गया था।”

मतदान राज्य के 17 जिलों में फैले 12,190 मतदान केंद्रों पर हो रहा है। ये मतदान केंद्र मुख्यत: ऊपरी असम, ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी किनारे और बराक घाटी में स्थित हैं।

पहले चरण में कुल 12,190 मतदान केंद्रों में से 78 पूरी तरह से महिला मतदान केंद्र हैं। इनका पूरा जिम्मा महिला अधिकारियों के कंधे पर है।

इसके अलावा 134 ‘मॉडल’ मतदान केंद्र हैं, जिनमें मेडिकल टीम, भोजनालय व अन्य सुविधाएं हैं।

इन मॉडल मतदान केंद्रों में माताओं के साथ आने वाले बच्चों को फ्री टॉफियां दी जा रही हैं। इन केंद्रों पर सबसे बुजुर्ग मतदाता के हाथों पौधा भी लगवाया जा रहा है।

असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष व राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि पहले चरण में जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उन पर पार्टी को जीत मिलेगी।

सोनोवाल ने माजुली के गोर्मुर में एक मतदान केंद्र पर संवाददाताओं से कहा, “हम देख सकते हैं कि राज्य में लोग एक बदलाव के लिए तड़प रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वह इस बदलाव के लिए हमें वोट देंगे।”

राज्य में द्वितीय और अंतिम चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा।

कुल 95,11,732 मतदाता मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और माजुली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल सहित 539 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 45,95,712 महिलाएं हैं। गोगोई तितबार निर्वाचन क्षेत्र से खड़े हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493