असम : शुरुआती 2 घंटों में मात्र 12 फीसदी मतदान (लीड-2)

गुवाहाटी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। असम में सोमवार सुबह सात बजे से विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 65 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि शुरुआती दो घंटों में करीब 12 फीसदी मतदान हुआ।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नितिन खाड़े ने आईएएनएस को बताया, “हमने सुबह नौ बजे तक 12 फीसदी मतदान दर्ज किया और मतदान शांतिपूर्ण बना हुआ है। कुछ इलाकों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कुछ दिक्कतें पेश आई थीं, लेकिन उन्हें तुरंत दूर कर दिया गया था।”

लोग अपने मताधिकार का उपयोग करने के बाद मतदान केंद्रों से बाहर आते देखे गए।

मतदान राज्य के 17 राजस्व जिलों में फैले 12,190 मतदान केंद्रों पर होगा। ये मतदान केंद्र मुख्यत: ऊपरी असम, ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी किनारे और बराक घाटी में स्थित हैं।

कुल 95,11,732 मतदाता मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और माजुली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल सहित 539 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 45,95,712 महिलाएं हैं। गोगोई तितबर निर्वाचन क्षेत्र से खड़े हुए हैं।

पहले चरण में कुल 12,190 मतदान केंद्रों में से 78 पूरी तरह से महिला मतदान केंद्र हैं। इनका पूरा जिम्मा महिला अधिकारियों के कंधे पर है।

इसके अलावा 134 ‘मॉडल’ मतदान केंद्र हैं, जिनमें मेडिकल टीम, भोजनालय व अन्य सुविधाएं हैं।

इन मॉडल मतदान केंद्रों में माताओं के साथ आने वाले बच्चों को फ्री टॉफियां भी दी जाएंगी।

असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष व राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि पहले चरण में जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उन पर पार्टी को बहुमत मिलेगा।

सोनोवाल ने माजुली के गोर्मुर में एक मतदान केंद्र पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “हम देख सकते हैं कि राज्य में लोग एक बदलाव के लिए तड़प रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वह इस बदलाव के लिए हमें वोट देंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493