आंध्रप्रदेश : ईरानी पर्यटक निकले हिरासत में लिए गए संदिग्ध विदेशी

विशाखापत्तनम, 28 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश के तटवर्ती जिले विशाखापत्तनम में बुधवार को हिरासत में लिए गए पांच संदिग्ध विदेशी ईरानी पर्यटक निकले।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि वे पर्यटक हैं और वैध दस्तावेजों के साथ भारत में भ्रमण कर रहे हैं।

ओडिशा पुलिस द्वारा अलर्ट किए जाने के बाद आंध्र पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांचों ईरानी पर्यटकों को नक्कापल्ली के पास से हिरासत में लिया।

भुवनेश्वर के एक होटल में ठहरे ये ईरानी पर्यटक कथित तौर पर होटल कर्मचारियों द्वारा पहचान-पत्र मांगे जाने पर सोमवार को भाग गए थे।

ईरानी पर्यटकों को जब हिरासत में लिया गया उस समय वे दिल्ली की पंजीकरण संख्या वाली कार में सफर कर रहे थे। पर्यटकों की कार एक पुलिस नाके पर नहीं रुकी तो पुलिस ने उनकी कार का पीछा कर हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की तथा उनके दस्तावेजों की जांच की।

विशाखापत्तनम के पुलिस अधीक्षक के. प्रवीण ने बताया कि उन सभी के पास वैध पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेज हैं। ओडिशा होते हुए देश के कई हिस्सों का भ्रमण करने के बाद वे आंध्रप्रदेश पहुंचे।

वहीं, ओडिशा पुलिस की विशेष शाखा का एक जांच दल उनसे होटल से भागने को लेकर पूछताछ करने गुरुवार को विशाखापत्तनम पहुंच सकता है।

विशाखापत्तनम और उसके आस-पास सुरक्षा एजेंसियो को चार फरवरी को यहां होने वाली भारतीय नौसेना और पड़ोसी देशों की नौसेना के संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू’ के कारण हाई अलर्ट जारी किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493