आंध्र प्रदेश में महिला से दुर्व्यवहार के लिए मंत्री के बेटे को नोटिस

हैदराबाद, 5 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने शनिवार को प्रदेश के एक मंत्री के बेटे को महिला से कथित तौर पर दुर्व्यवहार को लेकर नोटिस जारी किया है।

आंध्र प्रदेश के समाजिक कल्याण मंत्री रावेला किशोर बाबू के बेटे रावेला सुशील को बंजारा हिल्स पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 41ए के तहत नोटिस जारी किया है।

सुशील से पुलिस अधिकारी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है, क्योंकि एक महिला ने उनके खिलाफ दुर्व्यवहार का मामला दर्ज कराया है।

इस मामले में सुशील के ड्राइवर एम.अप्पा राव के खिलाफ भी शुक्रवार को मामला दर्ज कराया गया है।

यह घटना गुरुवार को बंजारा हिल्स के पड़ोस में उस वक्त घटी, जब गाड़ी में बैठे सुशील ने एक महिला का पीछा किया, उसका हाथ पकड़ा और उसे गाड़ी के अंदर खींचने का प्रयास किया।

महिला ने कहा कि ड्राइवर ने भद्दी-भद्दी टिप्पणियां कीं और दोनों ने उसे कार में बैठने के लिए कहा।

महिला द्वारा मदद मांगने पर स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। बाद में दोनों को पुलिस थाने लाया गया।

शिकायत पर पुलिस ने केवल ड्राइवर अप्पा राव के खिलाफ एक मामला दर्ज किया और सुशील को जाने दिया।

इसके बाद कुछ टेलीविजन चैनलों ने शुक्रवार को यह खबर दिखाई और बताया कि मामले में मंत्री के बेटे का नाम दर्ज नहीं है।

वहीं, ड्राइवर अप्पा राव ने भी भीड़ के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया और उसपर अपने मालिक पर हमला करने का आरोप लगाया।

इस बीच, महिला संगठनों ने सुशील की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बंजारा हिल्स प्रमंडल की पार्षद विजयलक्ष्मी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और मंत्री के बेटे के खिलाफ मुकदमा कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।

तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की नेता विजयलक्ष्मी ने कहा कि यदि तत्काल कोई कार्रवाई न की गई, तो महिलाएं व्यापक आंदोलन करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493