हैदराबाद, 23 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि अत्यधिक गर्मी और लू के कारण राज्य में अबतक 100 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “लू के कारण आंध्र प्रदेश में अबतक मरने वालों की संख्या 100 हो गई।”
आंध्र प्रदेश के साथ ही तेलंगाना में भी भीषण गर्मी पड़ रही है और लू ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
अधिकारियों ने हालांकि अबतक गर्मी और लू के कारण मरने वालों की संख्या जारी नहीं की है।
बुजुर्गो, दिहाड़ी मजदूरों, भिखारियों और फुटपाथ पर गुजर करने वाले गरीबों पर मौसम की सर्वाधिक मार पड़ रही है।
हैदराबाद के मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले तीन दिनों तक दोनों राज्यों में गर्मी के हालात बने रहेंगे।
तेलंगाना के खम्माम में शनिवार को तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम का राज्य में अधिकतम तापमान है। इसके साथ ही खम्माम में अधिकतम तापमान का 68 वर्ष पुराना रिकॉर्ड टूट गया।
नलगोंडा, निजामाबाद और रामागुंडेम में अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। महबूबनगर और आदिलाबाद में 45 डिग्री, जबकि हैदराबाद में अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा।
dharmpath.com dharmpath