हैदराबाद, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की विधायक रोजा को उनके असंसदीय आचरण के लिए शुक्रवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा से वर्ष भर के लिए निलंबित कर दिया गया।
विधायी मामलों के मंत्री वाई. रामाकृष्णुडू द्वारा एक प्रस्ताव पेश करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष कोडला शिवप्रसाद राव ने रोजा के निलंबन की घोषणा की।
सत्ताधारी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सदस्यों ने यह आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग की कि उन्होंने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ गंभीर टिप्पणियों के जरिए एक असभ्य आचरण किया है। नायडू उस समय काल मनी रैकेट पर बयान दे रहे थे।
अभिनेत्री से राजनीतिज्ञ बनीं रोजा, नायडू के खिलाफ नारेबाजी करने में विपक्षी विधायकों में सबसे आगे थीं।
मुख्यमंत्री ने यह आरोप भी लगाया कि कुछ विपक्षी विधायक उनपर हमला करने के लिए उनकी ओर बढ़े। जिस समय नायडू ने कहा कि विपक्षी पार्टी से संबंधित उनमें से अधिकांश गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिन्होंने अधिक ब्याज वसूला है, तो उस समय सदन में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
dharmpath.com dharmpath