पटना, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री अब्दुल जलील मस्तान ने यहां शुक्रवार को कहा कि राज्य में दो चरणों में पूर्ण शराबबंदी की जाएगी। पहले चरण में एक अप्रैल से देशी शराब बंद की जाएगी।
पटना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपनी घोषणा के अनुरूप एक अप्रैल से राज्य में देशी शराब की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाएगी। अगले वित्तीय वर्ष के प्रारंभ से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में देशी शराब की सभी दुकानों पर अब इसकी बिक्री नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि इसी सप्ताह देशी शराब बनाने वाली कम्पनी के मालिकों को नोटिस जारी कर कम्पनी को बंद करने का आदेश दिया जाएगा।
मस्तान ने कहा कि बिहार की नई उत्पाद नीति बनकर तैयार है जिसके अनुसार पहले चरण में एक अप्रैल 2016 से देशी शराब पर जबकि सितम्बर माह से विदेशी शराब की बिक्री पर रोक लगेगी।
बिहार स्टेट बिवरेज करपोरेशन लिमिटेड द्वारा विदेशी शराब की दुकान खोलने के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह नई उत्पाद नीति का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के पूरा होने के बाद ही दूसरे चरण की शराब बंदी लागू की जाएगी ।
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अप्रैल से राज्य में शराबबंदी की घोषणा की है।
dharmpath.com dharmpath