आईएएएफ ने ठुकराया सभी रूसी एथलीटों का आवेदन

मास्को, 10 जुलाई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने अगले महीने रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों सहित सभी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए दिए गए सभी रूसी एथलीटों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है।

रूस ओलम्पिक समिति (आरओसी) के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि सिर्फ लंबी कूद क्लिशिना का आवेदन स्वीकार हुआ है।

समाचार एजेंसी तास ने आरओसी के विधि विभाग के प्रमुख एलेक्जांद्र ब्रिलियांटोवा के हवाले से कहा, “क्लिशिना को छोड़कर सभी के आवेदन अस्वीकृत हो गए हैं। आरओसी और रूस के 68 एथलीट खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) के समक्ष अपनी याचिका में अपने आवेदनों को अस्वीकार किए जाने के पीछे तर्क करेंगे और इसका कारण पूछेंगे।”

उन्होंने कहा, “सभी 68 एथलीटों ने सीएएस में याचिका दायर की है, जिसमें आवेदनों को स्वीकार किए जाने का भी संदर्भ दिया गया है।”

समाचार एजेंसी तास ने रविवार को दो बार ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीत चुकीं येलेना इसिनबायेवा के कोच एवगेनी त्रोफिमोव के हवाले से कहा कि आईएएएफ ने इसिनबायेवा का आवेदन भी खारिज कर दिया है।

उन्होंने बताया, “अन्य सभी एथलीटों की तरह येलेना को आईएएएफ की ओर से अस्वीकृति-पत्र मिला है। सिर्फ क्लिशिना ही इस मामले में बिल्कुल अलग हैं, क्योंकि उन्होंने बाहर प्रशिक्षण हासिल किया है।”

आईएएएफ ने 17 जून को वियना में हुई बैठक में अखिल रूस एथलेटिक्स महासंघ (एआरएएफ) की वैश्विक एथलेटिक्स नियामक संस्था आईएएएफ की सदस्यता से निलंबन को कायम रखने का फैसला किया।

रूसी एथलीटों द्वारा आईएएएफ के खिलाफ दायर याचिका पर सीएएस 19 जुलाई को सुनवाई करेगा और 21 जुलाई को इस मामले पर फैसला आ जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493