पेरिस, 10 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के फुटबाल के नए चेहरे एंटोनी ग्रिजमैन की दिग्गज खिलाड़ियों जिनेदिन जिदान और मिशेल प्लाटिनी से तुलना किया जाना एकदम सही है।
देश के एक अन्य महान फुटबाल खिलाड़ी थिएरी हेनरी ने यह बात कही।
यहां जारी यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप में ग्रिजमैन एक स्टार खिलाड़ी हैं। मेजबान टीम को टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचाने में ग्रिजमैन की अहम भूमिका है।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में ग्रिजमैन की दो गोल की बदौलत फ्रांस ने जर्मनी के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल की थी और अब टीम का फाइनल मुकाबला पुर्तगाल के खिलाफ होगा।
कई लोगों ने एटलेटिको मेड्रिड के फारवर्ड ग्रिजमैन की तुलना दिग्गज हमवतन खिलाड़ियों जिदान और प्लाटिनी से की।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांस के लिए 123 मुकाबले खेलने वाले हैनरी का कहना है कि ग्रिजमैन का प्रदर्शन तारीफ के काबिल है। वह इस पल में इस खुशी के हकदार हैं।
हैनरी ने कहा कि उनके देश की टीम के पास एक ऐसा खिलाड़ी है, जो उन्हें जीत की ओर ले जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath