कोलकाता, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन एटलेटिको डी कोलकाता बुधवार को जब घरेलू दर्शकों के सामने साल्ट लेक स्टेडियम में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का अपना दूसरे चरण का सेमीफाइनल मैच खेलने उतरेगी तो उसके सामने चेन्नइयन को बड़े अंतर से हराने की चुनौती होगी।
पहले चरण के मैच में एटलेटिको को चेन्नइयन से 0-3 से हार मिली थी।
इसका मतलब है कि एटलेटिको को बुधवार का मैच चार गोलों से अधिक के अंतर से जीतना होगा।
वहीं चेन्नइयन की टीम 20 दिसंबर को होने वाले फाइनल में पहुंचने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाहेगी।
हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और एटलेटिको के सह-मालिक सौरभ गांगुली को क्लब के फाइनल में पहुंचने की पूरी उम्मीद है।
गांगुली ने कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि हम फाइनल खेलेंगे। देखना होगा की हम 3-0 से चेन्नइयन को हरा पाते हैं या नहीं। हमने इससे पहले भी उन्हें हराया है।”
गांगुली की उम्मीद इयान ह्यूमे और अराता इजुमी पर टिकी हुई हैं जोकि एटलेटिको के लिए नियमित तौर पर स्कोर करते आए हैं। लेकिन उनकी चिंता सामिघ दौती और बोर्जा फर्नाडीज का चोटिल होना है।
वहीं चेन्नइयन के पास तीन गोल की बढ़त है। क्लब के कोच मार्को माटेराजी को अपनी रक्षापंक्ति पर भरोसा है। क्लब को स्टीवन मेंडोजा और ब्राजीलियाई इलानो ब्लूमर से काफी उम्मीदें हैं। चेन्नइयन की कोशिश अपनी बढ़त को भुना कर फाइनल में जगह पक्की करने की होगी।
dharmpath.com dharmpath