आईएसएल : गोवा, केरल को जीत से कम कुछ मंजूर नहीं

गोवा, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। एफसी गोवा को सोमवार को अपने घर में केरला ब्लास्टर्स की मेजबानी करनी है। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के मौजूदा सीजन में दोनों टीमें जिस स्थिति में हैं, उसमें दोनों को जीत से कम कुछ और मंजूर नहीं होगा।

गोवां जहां आठ टीमों की अंकतालिका में चार अंक लेकर सबसे निचले पायदान पर है, वहीं पांच अंकों के साथ केरल छठे स्थान पर है।

गोवा ने अब तक पांच मैच खेले हैं और सिर्फ एक जीत हासिल कर सका है। उसका एक मैच ड्रा रहा है जबिक तीन में उसे हार मिली है।

दूसरी ओर, केरला ने भी पांच मैच खेले हैं। उसे एक मैच में जीत मिली है जबकि दो मैच बराबरी पर छूटे। दो मैचों में उसे हार मिली है।

एफसी गोवा के कोच जीको ने इस अहम मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, “इस मैच में हमें अपना श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा और अंक हासिल करने होंगे। हमें अंकों की सख्त दरकार है। इस साल टूर्नामेंट काफी संतुलित दिख रहा है और यही इस सीजन में अंतर है। हमारा मुख्य मकसद शीर्ष-4 में बने रहना है। फिलहाल हमारा ध्यान केरल के साथ होने वाली भिड़ंत पर है।”

शुरुआत में बिखरी नजर आ रही गोवा की डिफेंस ग्रेगरी एर्नोलिन के बीते दो मैचों के प्रदर्शन के बाद संतुलित नजर आने लगा है। साथ ही मार्की खिलाड़ी लूसियो की भी पिछले मैच में टीम में वापसी हुई है।

यह पूछे जाने पर कि एर्नोलिन और लूसियो की मौजूदगी में अब क्या उन्हें सेंटर बैक के चयन को लेकर काफी कठिन फैसला लेना होगा, जीको ने कहा, “इस बारे में अंतिम अभ्यास सत्र के बाद ही कोई फैसला लिया जा सकता है। मैं हमेशा सौ फीसदी फिट खिलाड़ियों को अपने साथ रखना चाहता हूं। मेरे लिए यह मायने नहीं रखता कि वह खिलाड़ी किस पोजीशन से खेल रहा है।”

इस सीजन में केरला ने अब तक सिर्फ तीन गोल खाए हैं। सबसे कम गोल खाने वाली टीमों की श्रेणी में वह नार्थईस्ट युनइटेड की बराबरी कर रहा है। बीते तीन मैचों की बात की जाए तो केरला ने सिर्फ एक गोल खाया है। एरॉन ह्यूज, सेड्रिक हेंगबार्ट और संदेश झिंगन की तिकड़ी ने उसके डिफेंस को चाक-चौबंद रखा है।

केरल के कोच स्टीव कोपेल ने कहा, “हमने टीम बनाते वक्त जानबूझकर अपने डिफेंस पर ध्यान केंद्रित नहीं किया। मुझे लगता है कि हम असल में मजबूत और व्यवस्थित हैं लेकिन हमारे हिस्से अधिक गोल नहीं आए हैं।”

मैनचेस्टर सिटी के मैनेजर रह चुके कोपेल ने कहा कि उनके मन में गोवा और जीको के लिए सम्मान है क्योंकि इस टीम ने बीते दो सीजन में काफी कुछ हासिल किया है।

बकौल कोपेल, “यह एक खुला मैच होगा। दोनों टीमें जीत चाहेंगी और ऐसे में कोई हार के बारे में नहीं सोच रहा होगा। और आपको जीत तभी मिलेगी, जब आप गेंद के साथ आगे निकलेंगे। मैं एफसी गोवा को अच्छी तरह जानता हूं। यह मैच उनके घर में हो रहा है और यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे हमसे यह मैच छीन लें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493