चेन्नई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। एफसी गोवा गुरुवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन के अपने तीसरे मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी से भिड़ेगा।
सीजन-2 के फाइनल में चेन्नई ने उसे हराकर खिताब जीता था। ऐसे में फाइनल के बाद पहली बार चेन्नई का सामना कर रही ब्राजीलियाई दिग्गज जीको की टीम उस हार का हिसाब बराबर करना चाहेगी।
इटली के लिए विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे चेन्नई के मुख्य कोच मार्को मातेराजी ने बीते दो मैचों में अपेक्षित परिणाम नहीं आने के बाद अपने खिलाड़ियों को क्लब के प्रति अपना प्यार दिखाने और जीतने की चुनौती दी है।
मातेराजी ने हालांकि खिलाड़ियों से यह भी कहा है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे न सिर्फ तीसरे सीजन के सेमीफाइनल में प्रवेश करने से वंचित रह जाएंगे बल्कि इस टीम के उनका संबंध भी खत्म हो सकता है।
चेन्नई ने आईएसएल-3 में अब तक दो मैच खेले हैं और पहली जीत के लिए तरस रहे हैं। एटलेटिको डी कोलकाता के साथ उसका पहला मैच 2-2 की बराबरी पर छूटा था जबकि दूसरे मुकाबले में उसे अपने ही घर में दिल्ली डायनामोज के हाथों 1-3 से हार मिली थी।
दिल्ली के खिलाफ मिली हार को तीन सीजन में अपनी सबसे खराब हार करार देने वाले मातेराजी ने कहा, “अगर मुझे टीम के सभी खिलाड़ियों को बदलने का मौका दिया गया होता तो संभवत: मैंने दिल्ली के हाथों मिली हार के बाद यह काम कर दिया होता। लेकिन नियम कहते हैं कि सिर्फ तीन बदलाव किए जा सकते हैं। मुझे कल के मैच में श्रेष्ठ एकादश को उतारना है।”
यह पूछे जाने पर क्या बीते सीजन के फाइनल का कल के मैच पर कोई असर देखने को मिलेगा, मातेराजी ने कहा, “एफसी गोवा ने अंतिम कुछ मिनटों में खराब खेल के कारण अगर ट्रॉफी गंवाई होती तो मेरे पास परेशान रहने के कई कारण होते।”
मातेराजी ने कहा, “बीते सीजन के फाइनल में जो कुछ हुआ, उसे देखते हुए गोवा की टीम हर हाल में हमें हराना चाहेगी। हमारी स्थिति इससे बहुत अच्छी नहीं है। हम भी दिल्ली के हाथों हारने के बाद तीसरा मैच खेल रहे हैं। हमें भी अलग से मेहनत करनी होगी। अगर हम मनमाफिक परिणाम नहीं दे सके तो फिर हमारे लिए हालात बदल जाएंगे। मैं यहां का मुख्य कोच नहीं रहूंगा और खिलाड़ियों का क्लब के साथ संबंध खत्म हो जाएगा।”
दूसरी ओर एफसी गोवा इस सीजन में एकमात्र ऐसी टीम है, जिसके खाते में अब तक एक भी अंक नहीं आया है। उसे अब तक खेले गए दोनों मुकाबलों में हार मिली है। पहले मैच में उसे नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने 2-0 से हराया जबकि दूसरे मैच में एफसी पुणे सिटी ने उसे उसी के घर में 2-1 से शिकस्त दी।
मुख्य कोच जीको ने कहा, “हम अच्छे परिणाम के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमने बीते दो मैचों में अच्छा खेल दिखाया है। यह अलग बात है कि हम मनमाफिक परिणाम नहीं हासिल कर सके। हमने दोनों मैचों में कई मौके बनाए और आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन हमारा दुर्भाग्य है कि आत्मविश्वास की कमी के कारण हम विपक्षी टीम का गोलपोस्ट भेदने में नाकाम रहे।”
dharmpath.com dharmpath