आईएसएल-2 के फाइनल को दोहराते हुए चेन्नयन ने गोवा को लगातार दूसरी मात दी।
एक हार और एक ड्रॉ के बाद अपने घर में इस सीजन का दूसरा मैच खेल रही चेन्नयन एफसी ने पूरी तरह दबदबा कायम रखते हुए गोवा को खुद के चैम्पियन होने का अहसास कराया और तीसरे सीजन में पहली बार तीन अंक हासिल किए।
दूसरी ओर, गोवा के लिए इस मैच में कुछ भी अच्छा नहीं हुआ। अब उसकी मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं क्योंकि चौथे मुकाबले में पूर्व विजेता एटलेटिको डी कोलकाता से भिड़ना है और इस टीम के खिलाफ गोवा आईएसएल इतिहास में अब तक एक बार भी नहीं जीत सकी है।
बहरहाल, चेन्नई की ओर से दोनो गोल पहले हाफ में हुए। पहला गोल हैंज मुल्डेर ने 15वें मिनट में किया। गोवा की टीम पहले गोल के झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि चेन्नई ने एक और गोल करते हुए अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। उसके लिए दूसरा गोल कप्तान मेहराजुद्दीन वादू ने 26वें मिनट में किया।
मुल्डेर ने राफेल अगस्तो सांतोस दा सिल्वा की मदद से अपनी टीम का खाता खोला, जबकि वादू ने भारतीय खिलाड़ी बलजीत सिंह सैनी के पास पर दूसरा गोल किया।
इसी तरह वादू ने सैनी से मिले पास पर जोरदार किक के माध्यम से गोल के लिए प्रयास किया। रफाएल डुमास ने बीच में आकर उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनसे डिफलेक्ट होकर काट्टीमनी को छकाते हुए गोलपोस्ट के अंदर चली गई।
दोनों टीमों का यह तीसरा मैच था।
इस जीत ने चेन्नयन एफसी को आठ टीमों की तालिका में छठे से पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है। उसके खाते में अब चार अंक हो गए हैं। दूसरी ओर, ब्राजीलियाई दिग्गज जीको की देखरेख में खेल रही गोवा की टीम को लगातार तीसरी हार मिली है। इस टीम का अब तक खाता भी नहीं खुल सका है।
dharmpath.com dharmpath