आईएसएल : दिल्ली का सामना कोलकाता से, शीर्ष पर रहने की चाहत

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में टॉप पर चल रहे दिल्ली डायनामोज को रविवार को पहले सीजन के विजेता एटलेटिको दे कोलकाता से भिड़ना है।

दिल्ली ने अगर अपने घरेलू मैदान-जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कोलकाता को हरा दिया तो यह घर में इस सीजन में उसकी जीत की हैट्रिक होगी और शीर्ष पर कायम रहेगा।

दूसरी ओर, कोलकाता ने अगर यह मैच जीत लिया तो वह 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। अभी वह आठ मैचों से 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। मुम्बई सिटी एफसी के भी 15 अंक हैं लेकिन उसने कोलकाता से दो मैच अधिक खेले हैं।

खास बात यह है कि इस सीजन में सिर्फ कोलकाता ही ऐसी टीम है, जिसने दिल्ली को हराया है। कोलकाता ने अपने घर में दिल्ली को 22 अक्टूबर को 1-0 से हराया था।

कोलकाता के साथ होने वाले इस मैच से पहले दिल्ली के कोच गियानलुका जाम्ब्रोता ने कहा, “मेरे दिमाग में बदला नहीं है क्योंकि वह एक अच्छा मैच था। हम एक अच्छी टीम के खिलाफ हारे थे। अब हम एक खास मकसद और प्रेरणा के साथ मैदान में उतरेंगे। हम ऐसी टीम के हराना चाहेंगे, जिसने हमें हराया है। इसी कारण हम इस मैच पर खास तौर पर ध्यान लगाना चाहते हैं।”

दिल्ली की टीम घर में अविजित है। यह मुकाम हासिल करने वाली यह इस सीजन की एकमात्र टीम है। अपने अंतिम मैच में दिल्ली ने मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी को 4-1 से हराया था। दिल्ली ने अब तक कुल 16 गोल किए हैं और इनमें से 11 गोल घर में हुए हैं। घर में इस टीम ने अब तक किसी अन्य टीम से अधिक कुल नौ अंक अपनी झोली में डाले हैं।

दिल्ली की सफलता मुख्य रूप से मार्सेलिन्हो लीते परेरा, रिचर्ड गाद्जे, फ्लोरेंट मालोउदा और कीन लेविस के बेहतरीन खेल पर निर्भर है। दिल्ली एकमात्र ऐसी टीम है, जिसके तीन खिलाड़ियों ने इस सीजन में तीन या उससे अधिक गोल किए हैं। मार्सेलिन्हो के नाम पांच, गाद्जे के नाम तीन और लेविस के नाम तीन गोल हैं।

जाम्ब्रोता ने हालांकि व्यक्तिगत प्रदर्शनों की तारीफ नहीं की और कहा कि उनकी टीम इससे भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। कोच ने कहा, “मैं सिर्फ दो खिलाड़ियों के लिए नहीं बल्कि पूरी टीम के लिए खुश हूं। यह टीम काफी अच्छा खेल रही है। मैं खुश हूं लेकिन मैं जानता हूं कि हम इससे भी बेहतर कर सकते हैं।”

दूसरी ओर, कोलकाता की टीम पुणे के हाथों मिली परेशान कर देने वाली हार के बाद यहां पहुंची है। कोलकाता के खिलाफ पुणे ने अंतिम मिनट में गोल करते हुए जीत हासिल की थी। कोच जोस मोलिना इससे निराश हैं लेकिन उन्हें अपनी टीम के साथ गलतियों पर काम करने के लिए पर्याप्त समय मिला है।

मोलिना ने कहा, “पुणे के हाथों हारना अच्छा नहीं था लेकिन यह फुटबाल है। हम जानते हैं कि हर मैच अलग होता है। हमने इस हार के बाद काफी मेहनत की है और इस मैच के लिए खुद को अच्छी तरह तैयार किया है। दिल्ली टॉप पर है और अभी यह लीग की सबसे अच्छी टीम है लेकिन हम इस टीम के खिलाफ जोरदार मुकाबला करना चाहते हैं।”

मोलिना चाहते हैं कि उनके स्ट्राइकर दिल्ली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करें। खासतौर पर वह इयान ह्यूम से अच्छा खेल चाहेंगे क्योंकि वह आईएसएल में सबसे अधिक 19 गोल कर चुके हैं। आईएसएल 2015 में मोलिना ने कुल 11 गोल किए थे और इस सीजन में उनके नाम तीन गोल हैं। इस तरह वह अब तक अपना श्रेष्ठ खेल नहीं दिखा सके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493