पुणे, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने बुधवार को हुए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे संस्करण के 11वें मैच में एफसी पुणे सिटी को उसके घरेलू मैदान पर 1-0 से हरा दिया।
बालेवाड़ी स्थित शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए मैच में मिली इस जीत के साथ नॉर्थईस्ट ने आईएसएल-3 में जीत की पटरी पर वापसी की।
मैच के 79वें मिनट में एमिलियानो अल्फारो ने नॉर्थईस्ट के लिए विजयी गोल किया।
अपने शुरुआती दो मुकाबले जीतने के बाद नॉर्थईस्ट को पिछले मैच में मुंबई एफसी के खिलाफ 0-1 से हार झेलनी पड़ी थी।
दूसरी ओर घरेलू मैच से पूरे अंक हासिल करने का पुणे का सपना अधूरा रह गया। मैच के दौरान दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ी को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया। रेड कार्ड पाने वाले खिलाड़ियों में निर्मल छेत्री और एडुआडरे फरेरा शामिल हैं।
पुणे घरेलू दर्शकों के सामने मैदान पर नियंत्रण रखने में तो सफल रहा और उसने 55 फीसदी समय तक गेंद अपने पास रखा, लेकिन अहम मौके गंवाने के कारण उसे हार मिली।
इस जीत से पूरे अंक हासिल कर नॉर्थईस्ट शीर्ष पर पहुंच गया।
dharmpath.com dharmpath