अहमदाबाद, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। अपने पहले मैच में अमेरिका को मात देने वाली टीम जापान ने बुधवार को कबड्डी विश्व कप-2016 के अपने दूसरे ग्रुप मैच में कमजोर पोलैंड को आसानी से 11 अंकों के अंतर से शिकस्त दे दी।
द एरेना बाय ट्रांसस्टेडिया में खेले गए ग्रुप बी के मैच में जापान ने पोलैंड को 33-22 से मात दी। कबड्डी विश्व कप में जापान की यह लगातार दूसरी जीत है।
इस मैच में पोलैंड को कई बार अपनी गलतियों का नुकसान उठाना पड़ा। जापान ने अच्छी शुरुआत की और मैच का पहला अंक हासिल किया। लेकिन पोलैंड ने तुरंत वापसी की और स्कोर 1-1 कर लिया।
जापान ने पोलैंड पर दबाव बनाया और स्कोर 6-1 कर लिया। पोलैंड काफी कोशिशों के बाद भी जापान की बराबरी नहीं कर पाई और जापान ने उस पर पहले हाफ की समाप्ति तक 19-10 की बढ़त ले ली।
दूसरे हाफ में भी जापान पोलैंड पर भारी रही। इस हाफ में जापान ने 14 अंक जुटाए, जबकि पोलैंड इस हाफ में 12 अंक हासिल कर पाया।
रेड के मामले में पोलैंड ने जापान पर बाजी मारी, लेकिन जापान ने डिफेंड में पोलैंड को कहीं पीछे छोड़ दिया।
जापान के लिए काजुहिरो ताकानो और कप्तान मासायूकी शिमोकावा ने सर्वाधिक अंक जुटाए। ताकानो ने आठ जबकि शिमोकावा ने सात अंक जुटाए। ताकानो ने जहां सात अंक रेड से और एक अंक टैकल से जुटाए, जबकि शिमोकावा ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए रेड से चार और टैकल से तीन अंक जोड़े।
पोलैंड के लिए जैन बारानोविच ने सर्वाधिक नौ अंक जुटाए। पोलैंड की टीम ने रेड से 18 अंक जोड़े, जबकि टैकल से वे सिर्फ दो अंक जोड़ सके। वहीं जापान ने रेड से 17 अंक जुटाए, जबकि टैकल से उसने 12 अंक जोड़े।
जापान ने आलआउट से दो अंक हासिल किए, जबकि पोलैंड एक भी अंक नहीं ले सका। बोनस के रूप में दोनों टीमों को दो-दो अंक मिले।
इस जीत के साथ जापान ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
dharmpath.com dharmpath