आईएसएल : पुणे को 1-0 से हरा फिर शीर्ष पर पहुंचा नार्थईस्ट (लीड-1)

पुणे, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरी है।

36वें मिनट से ही 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही इस टीम ने बुधवार को बालेवाड़ी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 79वें मिनट में एमिलियानो एल्फारो द्वारा किए गए बेहतरीन गोल की मदद से मेजबान एफसी पुणे सिटी को 1-0 से हरा दिया।

इस जीत के साथ नार्थईस्ट एक बार फिर अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है।

नार्थईस्ट के निर्मल छेत्री को 36वें मिनट में जीसस टाटो के खिलाफ गलत टैकल पर लाल कार्ड दिखाया गया। इसके बावजूद नार्थईस्ट ने हार नहीं मानी और मेजबान टीम के गोलपोस्ट पर कई जोरदार हमले किए। हालांकि वे हमले बेकार गए लेकिन 72वें मिनट में जैसे ही पुणे की टीम 10 खिलाड़ियों तक सीमित हुई, नार्थईस्ट ने मैच का पहला गोल दाग दिया। यह आईएसएल के अब तक के इतिहास में पुणे के घर में नार्थईस्ट की पहली जीत है।

पुणे के एडुआडरे फेरेरा को 72वें मिनट में दूसरा पीला कार्ड दिखाया गया, जो लाल कार्ड में तब्दील हुआ। फेरेरा को 15वें मिनट में पहला पीला कार्ड मिला था।

बहरहाल, पुणे के खिलाफ हुए सफल गोल की बुनियाद निकोलस वेलेज ने रखी। वेलेज ने पुणे के गोलपोस्ट पर एक जोरदार हमला किया लेकिन गेंद कप्तान मोहम्मद सिसोको द्वारा रोक ली गई। गेंद हालांकि फिर से वेलेज के पास वापस आ गई और वेलेज ने उसे सही पोजीशन मे खड़े एल्फारो की ओर पास कर दिया। एल्फारो ने मूव बनाते हुए गेंद को कात्सुमी युसा की ओर रवाना किया। युसा ने गोलपोस्ट पर तेज प्रहार किया लेकिन गेंद डिफ्लेक्ट होकर फिर एल्फारो के पास पहुंच गई। इस बार एल्फारो ने हल्का सा मूव बनाया और सफलतापूर्वक गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

मेजबान टीम का यह तीसरा मैच था जबकि मेहमान टीम अपना चौथा मैच खेल रही थी।

नार्थईस्ट की यह चार मैचों में तीसरी जीत है। उसने केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हराते हुए तीसरे सीजन का शानदार आगाज किया था और फिर उसने अपने जीत के क्रम को जारी रखते हुए एफसी गोवा को अपने घर में 2-0 से हराया लेकिन तीसरे मैच में उसे मुम्बई सिटी एफसी ने 1-0 से हार झेलनी पड़ी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493