आईएसएल : लगातार हार से त्रस्त गोवा के सामने कोलकाता की चुनौती

कोलकाता, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन के तहत रविवार को रवींद्र सरोबर स्टेडियम में पहले सीजन के विजेता और मेजबान एटलेटिको दे कोलकाता सामना बीते साल के उपविजेता एफसी गोवा से होगा। हार की हैट्रिक झेल चुकी गोवा की टीम के लिए अब तक अजेय कोलकाता से भिड़ना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।

कोलकाता ने अब तक खेले गए तीन मैचों से पांच अंक जुटाए हैं। वह आठ टीमों की तालिका में तीसरे क्रम पर है। उसने तीसरे सीजन के अपने पहले मैच में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी को 2-2 की बराबरी पर रोका था और फिर उसने कोच्चि में मेजबान केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हार का स्वाद चखाया। इसके बाद हालांकि कोलकाता को मुम्बई सिटी एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा था।

दूसरी ओर, बीते साल चेन्नयन एफसी के हाथों 1-2 से हारकर खिताब जीतने से चूकी गोवा की टीम को सीजन-3 में नार्थईस्ट युनाइटेड के हाथों 2-0 से हार मिली थी और फिर एफसी पुणे सिटी ने उसे उसी के घर में 2-1 से हराया। तीसरे मैच में उसे चेन्नयन एफसी के हाथों 2-0 से हार मिली। चेन्नई ने उसके खिलाफ शुरुआती 26 मिनट में ही गोल कर दिए थे। यह टीम तालिका में सबसे नीचे है। अंकों के लिहाज से उसका खाता तक नहीं खुल सका है।

सबसे अहम बात यह है कि गोवा ने आईएसएल के इतिहास में अब तक एक बार भी कोलकाता को नहीं हराया है। कोलकाता के कोच जोस मोलिना ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन मे कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह एक कठिन मैच होगा। इसका कारण यह है कि गोवा की टीम अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है और उसका प्रयास अपना खाता खोलने का होगा। यह हालांकि हमारे लिए समस्या नहीं है लेकिन चूंकी हम घर में खेल रहे हैं, लिहाजा हमारा लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ जीत होगी।”

गोवा के मुख्य कोच जीको ने आईएसएल में अपने अनुभव के दम पर कहा कि उनकी टीम के लिए अभी सबकुछ खत्म नहीं हुआ है। बकौल जीको, “अगर हम दो मैच जीत जाते हैं तो हम कोलकाता की बराबरी पर आ जाएंगे। हमारे लिए कुछ खत्म नहीं हुआ है। इस टूर्नामेंट में यह मायने नहीं रखता कि आप पहले आते हैं चौथे। मायने यह रखता है कि आप प्लेऑफ में पहुंच पाते हैं या नहीं। हमारा लक्ष्य यही है। कोलकाता अच्छी टीम है और हम उसके खिलाफ अपना श्रेष्ठ खेल दिखाएंगे।”

गोवा को इस मैच के लिए हालांकि कुछ अहम बदलाव करने होंगे। गोलकीपर लक्ष्मीकांत काट्टीमनी ने अब तक निराश किया है। बीते सीजन में हालांकि वह अच्छा खेल थे। इसी तरह सुभाशीष राय चौधरी फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं। सुखदेव पाटिल तीसरे गोलकीप रहे हैं और वह एफसी गोवा द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यक्रम की देन हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि जीको उन पर भरोसा करते हैं या नहीं।

जीको ने कहा, “हमने जितने भी मैच खेले हैं, वे कठिन थे। हम में हालात को सुधारने और उसे अपने पक्ष में करने की क्षमता होनी चाहिए। खासतौर पर हमें ऐसे वक्त में अच्छी तरह अपने व्यक्तित्व को दिखाना होगा, जब हमारे सामने कोलकाता के रूप में एक मजबूत टीम है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493