कोलकाता, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन के पहले सेमीफाइनल के पहले चरण में शानदार फॉर्म में चल रहे मुंबई सिटी एफसी का सामना एटलेटिको दे कोलकाता से होगा। मुंबई की टीम पहली बार लीग के सेमीफाइनल में पहुंची है।
दोनों टीमें आज रवींद्र सरोवर स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दोनों की नजरें फाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर होगी।
मुंबई के लिए कोलकाता को उसके घर में हराना आसान नहीं होगा। घर में खेलने के अलावा कोलकाता के पास दो सेमीफाइनल खेलने का भी अनुभव है। यहां मुंबई उससे पीछे है।
दोनों टीमों के लिए पहले स्कोर करने के कई मायने हैं। मुंबई ने इस सीजन में 14 मैचों में से आठ में पहले स्कोर किया है, जिसमें से छह में उसे जीत मिली है और दो ड्रॉ रहे हैं। कोलकाता का रिकार्ड भी यही है। उसने जब भी पहले गोल किया है, हारा नहीं है।
हालांकि, इस सीजन में कोलकाता का घर में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उसे यहां खेले गए सात मैचों में सिर्फ एक में जीत मिली है। लीग दौर में आठ ड्रॉ के कारण कोलकाता को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था, लेकिन कोच का मानना है कि उनकी टीम इस मैच में भी सिर्फ जीत के लिए खेलेगी।
मुंबई के खिलाफ पुराने मुकाबलों पर मोलिनो ने कहा कि पिछले रिकार्ड कोई मायने नहीं रखते, क्योंकि लीग की शीर्ष टीमें अंतिम चार में पहुंची हैं।
मुंबई ने लीग दौर का अंत शीर्ष स्थान के साथ किया था और वह शुरू से ही शानदार फॉर्म में चल रही है और इसी कारण उसे सेमीफाइनल में जीत की प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लेकिन, उसके कोच एलेक्जेंडर गुइमारेस इस मुकाबले को दूसरी तरह से देखते हैं।
उन्होंने मैच से पहले कहा, “हम लीग के सेमीफाइनल में पहली बार खेल रहे हैं और कोलकाता दो बार खेल चुका है। हम अपने पहले सेमीफाइनल को लेकर उत्साहित हैं और हम उसी तरह खेलना चाहते हैं, जिस तरह पूरे टूर्नामेंट में खेले थे। हम जानते हैं कि हम उस टीम के साथ खेलने जा रहे हैं जो हमारी तरह ही आक्रामक खेलती है। यह ऐसी श्रृंखला है जिसका फैसला मुंबई में होगा।”
मुंबई की टीम इस सीजन में अपने शानदार डिफेंस के लिए जानी जाती है। उसने लीग दौर में सिर्फ आठ गोल ही खाए हैं। उनकी आक्रमण पंक्ति भी बेहद प्रभावशाली रही है।
dharmpath.com dharmpath