आईएसएल-4 : जमशेदपुर-मुंबई की रक्षापंक्ति की भेदने की होगी परीक्षा

जमशेदपुर, 4 जनवरी (आईएएनएस)। अपनी बेहतरीन रक्षापंक्ति के लिए मशहूर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन की दो टीमें जमशेदपुर एफसी और मुंबई सिटी एफसी शुक्रवार को जेआर डी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में एक दूसरे के डिफेंस को भेदने की कोशिश करेंगी।

इस मैच में दोनों टीमों की अग्रिम पंक्ति को कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ेगा।

मेजबान टीम जमशेदपुर ने पिछले सात मैचों में सिर्फ दो गोल खाए हैं। इस दौरान उसने पांच क्लीन शीट हासिल की हैं। वहीं मुंबई ने सात गोल खाए हैं जिसमें से पांच गोल घर से बाहर हैं। दोनों टीमों के बीच सिर्फ चार अंकों का अंतर है, लेकिन मुंबई की अपेक्षा जमशेदपुर ने कम मैच खेले हैं। अगर मेजबान टीम इस मैच में जीत हासिल कर लेती है तो वह शीर्ष-4 की तरफ अपनी स्थिति को मजबूत कर लेगी।

लेकिन, दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर गोल करने में है। लीग में इसी साल पदार्पण करने वाली जमशेदपुर ने सिर्फ दो गोल किए हैं। वहीं मुंबई सिटी ने 11 गोल किए हैं। जमशेदपुर के कोच स्टीव कोपेल इसी बात को लेकर चितिंत हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है (कि हम गोल करेंगे)। मैं ठीक उसी तरह के समर्थकों में से हूं जो अपनी टीम को गोल करता देखने के लिए आते हैं। यह अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि हम स्कोर करेंगे। जितनी जल्दी होगा उतना अच्छा है। यह हमारे लिए बड़ा मौका है, लेकिन आपको इस बात को मानना है कि हमारा डिफेंस अच्छा है। हमें बस संतुलन बनाए रखने की जरूरत है, वो भी बिना डिफेंस को कमजोर किए। हमारी कोशिश यही है और खिलाड़ी भी यही करेंगे।”

कोपेल ने कहा कि वह खेलने की परिस्थितियों को लेकर चिंतित नहीं हैं। ऐसी खबरें थी कि जमशेदपुर का मैदान एक जैसा नहीं है, लेकिन कोपेल ने कहा कि “मैदान-मैदान है। यह अचानक से बदलने वाला नहीं है। हम किसी भी जगह खेलेंगे।”

मुंबई के कोच एलेक्जेंडर गुइमारेस ने कहा कि वह जमशेदपुर का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा, “टीम गेंद लेने और अपने डिफेंस में जगह को भरने की पूरी कोशिश करती है। हम जानते हैं कि हमें कहां काम करना है। हमें खाली जगहों को भरना है। यह मुश्किल है, लेकिन हमने पिछले मैच में ऐसा करके दिखाया था।”

गुइमारेस इस बात से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं कि जमशेदपुर की टीम उनके स्टार खिलाड़ी अचिले इमाना को रोकने की कोशिश करेगी। कैमरून के इस खिलाड़ी ने सिर्फ एक गोल किया है, लेकिन आठ मैचों में चार गोल करने में मदद की है। उन्होंने लीग में अभी तक 304 पास दिए हैं और 406 टच किए हैं।

इमाना और मुंबई के शीर्ष गोल स्कोरर बलवंत सिंह (पांच गोल) को जमशेदपुर के खिलाफ मुस्तैद रहने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493