आईएसएल-4 : डायनामोज के सामने एटीके की कड़ी चुनौती

कोलकाता, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। लगातार हार झेल रही दिल्ली डायनामोज को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में शिनवार को मौजूदा विजेता एटीके से उसके घर साल्ट लेक स्टेडियम में भिड़ना है।

यह मैच डायनामोज के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है क्योंकि पिछले मैच में इस सीजन की पहली जीत हासिल करने वाली एटीके आत्मविश्वास से भरपूर है।

दिल्ली ने सीजन की शुरुआत पुणे सिटी एफसी के खिलाफ घर से बाहर 3-2 की जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद वह राह भटक गई और उसने पिछले चार मैचों में 12 गोल खाए हैं।

इस मैच में दिल्ली को अपने कोच मिग्युएल एंजेल पुर्तगाल के बिना उतरना होगा। वह दो मैचों के प्रतिबंध के कारण इस मैच में नहीं होंगे। एफसी गोवा के खिलाफ 5-1 से मिली हार वाले मैच में रेफरी न उन पर दो मैचों का प्रतिबंध लगा दिया था।

टीम के सहायक कोच शक्ति चौहान ने कहा, “मानसिक तौर पर यह काफी मुश्किल है क्योंकि मुख्य कोच मौजूद नहीं होंगे, लेकिन हम उनके विचारों को लागू करने की कोशिश करेंगे।”

उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से हम मैच हार रहे हैं। लेकिन अगर आप गेंद को अपने पास बनाए रखने, पास करने और आक्रमण करने की बात करे तो हम अच्छा कर रहे हैं, हालांकि अंत में हमें हार ही मिल रही है। किस्मत हमारी तरफ नहीं है। हम सही फैसले नहीं ले रहे हैं।”

चौहान ने माना कि पिछले मैच में जीत हासिल करने के बाद एटीके की टीम आत्मविश्वास से भरी होगी। उन्होंने कहा, “एटीके के खिलाफ आप अलग तरह की दिल्ली डायनामोज देखेंगे। खिलाड़ी मैच जीतकर तीन अंक लेकर अपने आप को साबित करना चाहते हैं।”

एटीके का रिकार्ड दिल्ली से बुरा नहीं है, लेकिन उन्हें इस बात को याद दिलाने को काफी है कि टीम अच्छी फॉर्म में नहीं है। दो ड्रॉ, दो हार और सिर्फ एक जीत के साथ मौजूदा विजेता 10 टीमों की अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। दिल्ली के खिलाफ जीत उसे सातवें स्थान पर पहुंचा सकती है।

एटीके के कोच टेडी शेरिंघम ने कहा, “अंतत: इस सीजन की पहली जीत हासिल करते हुए अच्छा लग रहा है। लग रहा है कि हमने काफी मेहनत की है और वह सब किया है जो हमें जीत के लिए करना चाहिए था।”

शेरिंघम हालांकि दिल्ली को हल्के में नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा, “पहले हाफ में गोवा के खिलाफ वह तीन गोल से आगे हो सकते थे, लेकिन वह मौकों को भुना नहीं पाए। लेकिन अगर बात की जाए की उस मैच में पहले हाफ में कौन बेहतर था तो वो दिल्ली की टीम थी। अंत में उन्हें हार मिली।”

शेरिंघम ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह चीजों को बदलने से पीछे नहीं हटेंगे। क्रिसमस एक दिन दूर है। इसे देखते हुए शेरिंघम ने कहा कि इस मैच का परिणाम प्लान बना और बिगाड़ सकता है।

उन्होंने कहा, “हमने दिल्ली के खिलाफ होने वाले मैच से अपने आप को अच्छे से तैयार किया है और इसके बाद हम अगले मैच की तैयारी करेंगे। जो पेशेवर फुटबाल में होता है हम वैसा ही कर रहे हैं। मैंने क्रिसमस, बॉक्सिंग डे, न्यू ईयर के दिन काफी मैच खेले हैं इसलिए कुछ बदला नहीं है।”

इस मैच में जो बदल सकता है वो है दोनों टीमों का भाग्य। दोनों कोच फेस्टिव सीजन में जीत के साथ जाना चाहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493