फातोर्दा, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में अब तक बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली एफसी गोवा शनिवार को केरला ब्लास्टर्स के सामने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उतरेगी।
ब्लास्टर्स के लिए यह मैच एक कड़ी चुनौती है क्योंकि उसका अभी तक का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। और अब उसका सामना एक ऐसी टीम से जो आत्मविश्वास से भरी हुई है।
दोनों टीमों के बीच फर्क यह है कि गोवा ने जहां तीन में से दो में जीत हासिल की वहीं ब्लास्टर्स इस सीजन में अपने घर में अब तक तीन मुकाबले खेलने के बावजूद जीत से महरूम हैं।
इतिहास की बात की जाए तो दोनों के बीच अब तक कुल छह मुकाबले हुए हैं और दोनों ने तीन-तीन में जीत हासिल की है। गोवा की टीम ने अपने पिछले मैच में बेंगलुरू एफसी को 4-3 से हराया था जबकि ब्लास्टर्स को मुम्बई सिटी के खिलाफ ड्रॉ खेलना पड़ा था।
जहां तक ब्लास्टर्स की बात है तो उसके कोच रेने मुएलेंस्टीन इस बात को लेकर खुश होंगे कि उनकी टीम ने मुम्बई के खिलाफ अपने गोल का सूखा खत्म किया था लेकिन अब उनकी नजर तीन अंकों पर होगी।
कोच ने कहा, “क्या मैं चिंतित हूं? नहीं। निराश? हां। लेकिन बीते तीन मैचों में हमने विकास किया है। यह हमारे लिए एक अलग मैच होगा क्योंकि इसके माध्यम से हम खुद को परखेंगे। यह अलग है क्योंकि पहली बार इस सीजन में घर से बाहर खेल रहे हैं। लेकिन मैं किसी अन्य जीत से अधिक विकास पर ध्यान दूंगा।”
गोवा की टीम की तारीफ करते हुए रेने ने यह भी कहा कि उन्होंने गोवा के खेल को करीब से देखा है और यह महसूस किया है कि गोवा की टीम इन दिनों अलग शैली में खेल रही है और यह दूसरी टीमों के लिए बुरी खबर है।
रेने ने कहा, “हम गोवा की मजबूतियों से अवगत हैं और हमें उन पर विजय पाना होगा और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
रेने ने साथ ही यह भी कहा कि वह दिमितार बेर्बातोव को मिडफील्ड में खिलाना जारी रख सकते हैं क्योंकि वह चाहते हैं कि दिमितार के पास अधिक से अधिक समय तक गेंद रहे क्योंकि उनके टीम में आने से अंतर पैदा हुआ है। रेने ने कहा कि इस मैच के लिए बेर्बातोव अपनी टीम के साथ गोवा आ चुके हैं।
एफसी गोवा के स्पेनिश कोच सर्गियो लोबेरा ने कहा कि वह किसी भी सूरत में यह नहीं मानते कि ब्लास्टर्स एक रक्षात्मक टीम है। लोबेरा ने कहा, “मैं उन्हें रक्षात्मक नहीं कहूंगा क्योंकि उनके पास अग्रिम पंक्ति में कुछ बेहद अच्छे खिलाड़ी हैं और उनका आक्रमण काफी व्यवस्थित है।”
कोच ने कहा कि वह अगले मैच में किसी बदलाव की गुंजाइश नहीं देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहले यह देखना चाहूंगा कि हमारी स्थिति क्या है और दूसरी टीम से परे हम क्या कर सकते हैं। हमारा ध्यान अपनी शक्तियों पर होगा।”
आंकड़े कहते हैं कि गोवा ने अधिक पास दिए हैं और काफी सटीकता से दिए हैं। उसने अधिक शॉट्स लगाए हैं और गोल करने के अधिक मौके बनाए हैं। साथ ही इस टीम ने अधिक टैकल किए हैं और अधिक इंटरसैप्शन भी किए हैं।
जहां तक ब्लास्टर्स की बात है तो वे काउंटर आक्रमण के दौरान अधिक खतरनाक होते हैं और दबाव मे बिखरते नहीं हैं। साथ ही साथ ब्लास्टर्स एरियल स्टैंथ में आगे हैं। ब्लास्टर्स ने अब तक 31 एरियल डुअल्स जीते हैं जबकि गोवा की टीम सिर्फ नौ में जीत हासिल कर सकी है।
सीके विनीत, इयान ह्यूम, बेर्बातोव और करेज पेकुसन के रहते ब्लास्टर्स आसानी से हथियार नहीं डालेंगे और गोवा के डिफेंस को हमेशा चौकस रहना होगा। गोवा ने भले ही आठ गोल किए हैं लेकिन उसने सात गोल खाए भी हैं। दूसरी ओर, ब्लास्टर्स ने तीन मैचों में एक गोल किया है और खाया भी एक ही है। ऐसे में दो विभिन्न शैली वाली टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath