आईपीएल : मुंबई इंडियंस के सामने 152 रन का लक्ष्य (लीड-1)

बेंगलुरु, 11 मई (आईएएनएस)। के. एल. राहुल (नाबाद 68) की साहसिक पारी की बदौलत संघर्ष कर रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में बुधवार को मुंबई इंडियंस के सामने 152 रनों का लक्ष्य रखा है।

एम.चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे लीग के 41वें मैच में मुंबई के गेंदबाजों ने बेंगलोर को 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 151 रनों पर सीमित कर दिया।

राहुल अकेले ऐसे बल्लेबाज थे जो मुंबई के गेंदबाजों का सामना कर सके। उन्होंने अपनी पारी में 53 गेंद खेलीं और तीन चौके व चार छक्के लगाए। उनके अलावा बेंगलोर के सारे धुरंधर बल्लेबाज मुंबई के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। मुंबई के गेंदबाजों ने अपनी सटीक गेंदबाजी से बेंगलोर के बल्लेबाजों को खुल कर खेलने का मौका नहीं दिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर की टीम को दूसरे ओवर की पहली गेंद पर बड़ा झटका लगा। टीम के कप्तान और शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली (7) मिशेल मैक्लेघन की गेंद पर आठ रनों के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

इस मैच में वापसी कर रहे क्रिस गेल (5) को टिम साउदी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद अब्राहम डिविलियर्स (24) और राहुल ने तीसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 60 रनों तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर डिविलियर्स पवेलियन लौट गए।

इसके बाद शेन वाटसन (15) राहुल का साथ देने आए, लेकिन ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सके और 98 के कुल स्कोर पर आउट हो गए।

अंत में सचिन बेबी ने 13 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 23 रनों की पारी खेली और राहुल के साथ मिलकर टीम को 151 के स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई की तरफ से क्रुणाल पंड्या ने चार ओवर में महज 15 रन देकर एक विकेट लिया। उनके अलाव साउदी, मैक्लेघन ने भी एक-एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493