मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे लीग के 14वें मैच में मुंबई इंडियंस के सामने 171 रनों का लक्ष्य रखा है।
बेंगलोर ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकासन पर 170 रन बनाए।
बेंगलोर की शुरुआत अच्छी रही। क्रिस गेल की जगह टीम में शामिल किए गए के.एल. राहुल (23) ने कप्तान विराट कोहली (33) के साथ मिलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 3.5 ओवर में 32 रन जोड़े।
राहुल ने मिशेल मैक्लेघन द्वारा फेंके गए चौथे ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर दो लगातार छक्के लगाए। इसके बाद चौथी गेंद पर एक चौका जड़ा। अगली ही गेंद पर वह स्लिप में हरभजन सिंह को कैच थमा बैठे।
इसके बाद आए डिविलियर्स (29) ने कोहली का साथ देते हुए रन गति को बनाए रखा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। कुणाल पंड्या ने 91 के कुल स्कोर पर कोहली को टिम साउदी के हाथों कैच करा इस साझेदारी को तोड़ा।
कोहली के जाने के बाद टीम के खाते में दो रन ही जुड़े थे कि डिविलियर्स भी कुणाल का शिकार हो गए। शेन वाटसन (5) भी कुछ खास नहीं कर पाए और 99 के कुल स्कोर पर जसप्रीत बुमराह का पहला शिकार बने।
इसके बाद युवा सरफराज खान (28) और ट्रेविस हेड (37) ने मिलकर टीम के लिए तेजी से रन बटोरे। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 63 रन जोड़े। अंतिम ओवर की पहली गेंद पर हेड रन आउट हुए। हेड की जगह आए स्टुअर्ट बिन्नी (1) ने सरफराज को एक रन लेकर स्ट्राइक दी। सरफराज, बुमराह को सीमारेखा के पार भेजने की कोशिश में कुणाल के हाथों लपके गए।
सरफराज के जाने के बाद बिन्नी भी अगली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। केन रिचर्डसन ने एक रन लेकर टीम को 170 के स्कोर तक पहुंचाया।
मुंबई की तरफ से बुमराह ने तीन विकेट लिए। उनके अलावा कुणाल ने दो और मैक्लेघन ने एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
dharmpath.com dharmpath