आईसीसी ने श्रीलंका को दी खिलाड़ी बदलने की अनुमति

मेलबर्न, 25 फरवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) विश्व कप-2015 की तकनीकी समिति ने जारी विश्व कप के लिए श्रीलंका को अपनी टीम में जीवन मेंडिस की जगह उपुल थरंगा को शामिल करने की अनुमति दे दी।

आईसीसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बुधवार को इसकी पुष्टि की।

विश्व कप-2015 तकनीकी समिति में आईसीसी के क्रिकेट महा प्रबंधक ज्यॉफ एलार्डाइस, वाणिज्यिक महा प्रबंधक कैप्बेल जेमीसन, विश्व कप-2015 के मुख्य कार्यकारी जॉन हार्नडेन, न्यूजीलैंड के क्रिकेट संचालक प्रबंधक गेविन लार्सन, रसेल अर्नाल्ड और संजय मांजरेकर शामिल हैं।

मेंडिस मंगलवार को अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे जिसके बाद जांच में उनके जल्द स्वस्थ न हो पाने की संभावना देखते हुए श्रीलंका ने उनकी जगह थरंगा को बुलाने का फैसला किया।

आईसीसी के नियम के मुताबिक, बीमारी या चोट के कारण खिलाड़ियों के स्थानांतरण के लिए आयोजन की तकनीकी समिति को लिखित सूचना देनी पड़ती है और चोटिल खिलाड़ी के चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट भी पेश करनी होती है। उल्लेखनीय है कि एक बार स्थानापन्न हो चुके खिलाड़ी को दोबारा आयोजन में वापस नहीं बुलाया जा सकता।

जीवन मेंडिस की जगह टीम में शामिल किए गए थरंगा श्रीलंका के लिए 176 अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 5,339 रन हैं। थरंगा 13 शतक और 28 अर्धशतक लगा चुके हैं।

श्रीलंका विश्व कप-2015 के पूल-ए में आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के साथ है, तथा अब तक दो मैच खेल चुका है, जिसमें उन्हें पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में हार झेलनी पड़ी थी, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा मैच जीतने में वे सफल रहे थे।

श्रीलंका अब गुरुवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर बांग्लादेश के खिलाफ विश्व कप का अपना तीसरा मैच खेलने उतरेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493