ऑकलैंड, 25 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने बुधवार को कहा कि शनिवार को इडेन पार्क में होने वाले आईसीसी विश्व कप-2015 के 20वें मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ कीवी टीम का पलड़ा ज्यादा भारी रहेगा।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वॉ ने कहा कि इडेन पार्क पर आस्ट्रेलिया के लिए जीत हासिल करना मुश्किल होगा और न्यूजीलैंड अभी जिस फॉर्म में है इससे कंगारुओं की राह और मुश्किल होगी।
वॉ 1987 में एलन बॉर्डर के नेतृत्व में विश्व चैम्पियन बनी आस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य थे। बाद में 1999 में भी आस्ट्रेलिया वॉ के नेतृत्व में दूसरी बार विश्व कप चैम्पियन बना।
वॉ ऑकलैंड में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले इस मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।
वॉ ने अफगानिस्तान, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) द्वारा विश्व कप में किए गए अब तक के प्रदर्शन की भी सराहना की और कहा कि इन सभी टीमों ने टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन किया है।
dharmpath.com dharmpath