ऑकलैंड, 25 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के क्रिकेट दिग्गज रिचर्ड हेडली ने बुधवार को कहा कि टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी कीवी टीम के क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल तेज गेंदबाजों की जोड़ी है।
न्यूजीलैंड की ओर से तीन बार विश्व कप खेल चुके हेडली ने कहा, “मुझे लगता है कि साउदी और बोल्ट हमारे क्रिकेट इतिहास के सबसे सफलतम तेज गेंदबाजों की जोड़ी है।”
वेबसाइट क्रिकइंफो के अनुसार हेडली ने कहा, “पिछले 12 महीनों में बाएं और दाएं हाथ के दोनों गेंदबाज जिस प्रकार एक-दूसरे का मैदान पर साथ देते नजर आए हैं और विकेट लेते हैं, उससे उन्होंने खुद को सफल जोड़ी के तौर पर साबित किया है।”
उल्लेखनीय है कि जारी आईसीसी विश्व कप-2015 में न्यूजीलैंड की शुरुआत बहुत अच्छी रही है और टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैचों में जीत दर्ज की है। साउदी ने इंग्लैंड के खिलाफ 33 रन देकर सात विकेट हासिल किए।
साउदी ने अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय की किसी एक पारी में करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए विश्व कप में एक पारी में सर्वाधिक विकेट लेने के ग्लैन मैकग्राथ, एंडी बिशेल और विंस्टन डेविस की बराबरी भी की।
हेडली ने न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मैक्लम की भी तारीफ की और कहा कि मैक्लम जिस तरह व्यक्तिगत प्रदर्शन कर रहे हैं कप्तान के तौर पर वह टीम के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरक है।
dharmpath.com dharmpath