नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व पुस्तक मेला के थीम मंडप में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) द्वारा प्रकाशित आकाशवाणी साहित्य संपदा के तीन खंडों का लोकार्पण शुक्रवार को प्रसार भारती के अध्यक्ष ए. सूर्यप्रकाश, आकाशवाणी के महानिदेशक फैयाज शहरयार व दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू की मौजूदगी में हुई।
कार्यक्रम की भूमिका आकाशवाणी लोक संपदा संरक्षण महापरियोजना के समन्वयक सोमदत्त शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई। साहित्य संपदा का प्रकाशन न्यास की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके लिए न्यास व आकाशवाणी के बीच अनुबंध किया गया था। इस श्रृंखला में विभिन्न भारतीय भाषाओं में संस्कार गीत व अन्य महत्वपूर्ण प्रकाशन और किए जाने हैं।
मेले में लेखक मंच पर प्रभात प्रकाशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं पर विचार-विमर्श में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री, डॉ. हर्षवर्धन भी उपस्थित हुए।
पुस्तक मेले में आने वाले पाठकों के लिए आयोजित की जा रही सांस्कृतिक गतिविधियां- जैसे संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां, भांगड़ा-गिद्धा, कथक नृत्य, मुशायरा, भक्ति संगीत आदि लोगों का मन मोह रही हैं। लोग किताबों के इस सतरंगी संसार में आकर सांस्कृतिक झलक का भी आनंद लेकर अत्यंत रोमांचित हैं।
पुस्तक मेले के सातवें दिन भी मेले में लोगों की भारी भीड़ को देखकर अहसास होता है कि पुस्तक प्रेमी मेले के शेष दिनों का संपूर्ण लाभ उठा रहे हैं और पुस्तकें खरीदने व मेले मंे आयोजित गतिविधियों में भाग लेने के किसी भी अवसर को छोड़ना नहीं चाहते।
हर शाम हंसध्वनि थिएटर में संगीत और नृत्य प्रस्तुति आयोजित की जाती है। शुक्रवार की शाम इस मंच पर प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना उर्वशी के नृत्य के अलावा म्यूजिक, आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. रेखा मेहरा तथा उनके समूह द्वारा ग्लोबल वार्मिग पर आधारित कथक नृत्य नाटिका प्रस्तुति की गई।
dharmpath.com dharmpath