आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सर्विस लेन धंसने से खाई में गिरी कार

लखनऊ , 1 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बुधवार को आगरा के पास डौकी क्षेत्र में सर्विस लेन धंसने से एक कार गिरकर खाई में फंस गई। हादसे के बाद कार में फंसे चारों लोगों को सकुशल निकाल लिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने पूरे मामले की जांच बैठा शुरू कर दी है और 15 दिन के अंदर इसकी रिपोर्ट देने का निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, “लगातार बारिश से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर डौकी क्षेत्र में वाजिदपुर की पुलिया के नीचे कटान हो गया था। बुधवार सुबह करीब 6 बजे सर्विस लेन पर पड़ने वाली इस पुलिया पर जैसे ही कार पहुंची, आगे सड़क धंसी हुई दिखी। यह देखकर कार चालक ने ब्रेक लगा दिया, लेकिन कार जहां खड़ी हुई, वहीं की मिट्टी धंस गई। इससे कार खाई में जाकर मिट्टी के बीच फंस गई।”

घटना के समय आसपास से गुजर रहे लोगों की मदद से कार में सवार लोग किसी तरह निकलकर वहां से ऊपर पहुंचे। सूचना देकर पुलिस और क्रेन बुलाई गई। निकालने के प्रयास करने के दौरान कार क्रेन से छूटकर एक बार फिर खाई में गिरकर फंस गई। कार को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यूपीडा ने बयान जारी कर कहा, “भारी बारिश के चलते आगरा से 16 किलोमीटर दूरी पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे की सड़क बारिश के पानी की वजह से 15 से 20 मीटर तक कट गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।”

बयान के मुताबिक, “मरम्मत का काम निर्माण एजेंसी को ही अपने खर्च पर करना है। इस मामले की जांच के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी राइट्स लिमिटेड को 15 दिन का समय दिया गया है। इसके अतिरिक्त विभाग ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया है कि भारी बारिश की वजह से पूर्ण सतर्कता बरतें एवं पानी निकासी की व्यवस्था करें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493