आचार समिति ने स्टिंग में फंसे तृणमूल सांसदों से जवाब मांगा

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा की आचार समिति ने नारदा पोर्टल के स्टिंग में रिश्वत लेते नजर आए तृणमूल कांग्रेस के पांच लोकसभा सांसदों से जवाब मांगा है।

ये पांच सांसद हैं सौगत रॉय, सुल्तान अहमद, सुवेंदु अधिकारी, काकोली घोष दस्तीदार और प्रसून बनर्जी।

संसद के बजट सत्र के दौरान नारदा न्यूज द्वारा जारी वीडियो फुटेज में इन पांचों सांसदों तथा तृणमूल के राज्यसभा सांसद मुकुल रॉय को एक नकली कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए रिश्वत लेते देखा गया था।

सूत्रों ने बताया कि आचार समिति के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी के निर्देश पर इन पांचों सांसदों को नोटिस भेजे गए हैं।

इस दौरान तृणमूल सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि सभी सांसद चुनाव में व्यस्त हैं और वे 19 मई के बाद अपना-अपना जबाव दाखिल करेंगे।

सूत्र ने कहा, “लोकसभा की आचार समिति को जवाब देने के लिए कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है।”

पूर्व केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री सुल्तान अहमद जो कोलकाता के बाहर बंगाल में चुनावी दौरे में व्यस्त हैं, ने कहा, “अगर मेरे कोलकाता कार्यालय को नोटिस मिला होगा, तभी मैं जवाब दे पाऊंगा।”

इस महीने की शुरुआत में नारदा न्यूज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैथ्यू सैमुअल ने आचार समिति के निर्देश के बाद स्टिंग का मूल वीडियो लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने 16 मार्च को इस मामले को अचार समिति को सौंपा था।

15 सदस्यीय आचार समिति में आडवाणी के अलावा अर्जुन मेघवाल, करिया मुंडा (दोनों भारतीय जनता पार्टी से), बी. महताब (बीजू जनता दल), निनोंग एरिंग (कांग्रेस) और अक्षय यादव (समाजवादी पार्टी) शामिल हैं।

सूत्रों का कहना है कि मैथ्यू ने पिछले महीने राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका फोन टेप किया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493