नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने शनिवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले के मायावती को बौद्ध धर्म अपनाने की सलाह वाले बयान के खिलाफ जमकर निशाना साधा और कहा कि इस तरह के बयान ‘खतरनाक और दुखद’ हैं।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि क्या आठवले यह कहना चाह रहे हैं कि भारत में दलित तभी सुरक्षित हैं, जब वे बौद्ध धर्म अपना लें।
कांग्रेस की प्रवक्ता शोभा ओझा ने पत्रकारों से कहा, “जब वह ऐसा कहते हैं कि सभी को और यहां तक कि मायावती को भी बौद्ध धर्म अपना लेना चाहिए, तो क्या वह ये कहना चाह रहे हैं कि भाजपा की सरकार दलितों को सुरक्षा मुहैया कराने में असफल रही है?”
उन्होंने कहा, “क्या वह ये कहना चाह रहे हैं कि दलित यदि दलित ही रह गए तो उनके पास कोई अधिकार नहीं होगा। अगर वह ये कहना चाह रहे हैं कि मोदी सरकार में दलितों की सुरक्षा तभी सुनिश्चित है, जब वे बौद्ध धर्म अपना लें, तो यह बेहद खतरनाक और दुखद है।”
गौरतलब है कि आठवले ने हाल ही में समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस को दिए साक्षात्कार में कहा था कि ‘गायों की रक्षा मानव जीवन की बलि देकर नहीं होनी चाहिए’। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती और दलितों को बौद्ध धर्म अपना लेना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath