पेरिस, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पेरिस में शुक्रवार रात हुए सिलसिलेवार विस्फोटों और गोलीबारी के गवाह बने लोगों ने उस भयानक मंजर को याद किया और बताया कि करीब 10-15 मिनट तक आतंकवादी भीड़ पर गोली चलाते रहे।
‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, थिएटर में हुए हमले के चश्मदीद यूरोप1 के पत्रकार जूलिएन पियर्स ने बताया, “कई हथियारबंद लोग बैटाक्लां थिएटर में एक रॉक बैंड की प्रस्तुति के दौरान घुस गए। दो या तीन ने नकाब नहीं पहन रखे थे। उनके हाथों में कलाशनिकोव जैसा दिखने वाला रायफल था। उन्होंने भीड़ पर अंधाधुंध गोलीबारी की।”
पियर्स ने बताया, “करीब 10-15 मिनट तक गोलीबारी हुई। यह काफी हिसक था। लोग सहम गए। हमलावरों ने करीब तीन बार अपनी बंदूकों को भर कर हमला किया। वे बहुत युवा थे।”
पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों में मरने वालों की संख्या 153 तक पहुंच गई है।
गोलीबारी के दौरान एक बार में अपनी पत्नी के साथ मौजूद बेन ग्रांट ने भयानक मंजर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने गोलीबारी की आवाजें सुनी और लोगों को जमीन पर गिरते देखा।
उन्होंने कहा, “बहुत से लोगों की मौत हो गई। यह बहुत भयानक था। मैं बार में पीछे था। मैं कुछ भी नहीं देख सका। हम खुद को बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए।”
उन्होंने कहा, “हम काफी देर तक बार में फंसे रहे, क्योंकि हमारे सामने कई शव थे।”
dharmpath.com dharmpath