रोम, 27 जनवरी (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि इटली के प्रधानमंत्री मात्तेओ रेंजी अगले कुछ महीनों में द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए ईरान की यात्रा करेंगे।
रूहानी ने यह बयान अपनी रोम यात्रा के दौरान दिया। उनकी यात्रा के दौरान ईरान और इटली के बीच कई अरब डालर के व्यापारिक करार हुए हैं।
रूहानी ने एक ट्वीट में कहा कि इटली के प्रधानमंत्री मात्तेओ रेंजी आर्थिक संबंधों को गति देने के लिए आने वाले महीनों में ईरान की यात्रा करेंगे।
रूहानी इटली और फ्रांस की चार दिन की यात्रा पर हैं। उनकी कोशिश ईरान और पश्चिमी जगत के बीच के उस रिश्ते को फिर से मजबूत बनाने की है, जो ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम की वजह से लगे आर्थिक प्रतिबंधों के कारण बुरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। आर्थिक प्रतिबंध हटने के बाद ईरान की कोशिश खुद को मध्य-पूर्व के अशांत क्षेत्र में स्थायित्व के एक मिसाल के रूप में पेश करने की भी है।
रोम के टाउन हाल में रूहानी से सोमवार को मुलाकात के बाद रेंजी ने कहा, “सर्वश्रेष्ठ का आना अभी बाकी है।”
रूहानी और रेंजी की बातचीत के बाद प्राकृतिक गैस से लेकर तेज रफ्तार रेलगाड़ियों तक के क्षेत्र में 20 अरब डालर के करार पर दस्तखत किए गए।
रूहानी ने याद दिलाया कि इटली पश्चिमी जगत में ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार हुआ करता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच ऐसा ही संबंध एक बार फिर कायम होगा।
रेंजी ने कहा कि इटली के लघु एवं मध्यम उद्योगों को ईरान से नए संबंधों का लाभ मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath