नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। पार्टी के आंतरिक मामलों पर विचार-विमर्श करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक बैठक यहां गुरुवार को पार्टी संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर शुरू हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आप विधायक सोमनाथ भारती का मामला भी बैठक का एजेंडा है।
आप से जुड़े एक सूत्र ने पहचान गुप्त रखने का आग्रह करते हुए आईएएनएस को बताया, “राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के सभी आंतरिक मामलों को उठाया गया है। बैठक के दौरान सोमनाथ भारती से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।”
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा था कि पुलिस से ‘भागते फिर रहे’ भारती पार्टी और अपने परिवार के लिए शर्मिदगी की वजह बन रहे हैं और उन्हें पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर देना चाहिए।
केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, “सोमनाथ को आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। वह भागते क्यों फिर रहे हैं? वह जेल जाने से इतना क्यों घबरा रहे हैं? वह अब पार्टी और अपने परिवार के लिए शर्मिदगी की वजह बन रहे हैं।”
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से आप के विधायक सोमनाथ भारती पर पत्नी लिपिका मित्रा ने घरेलू हिंसा करने का आरोप लगाया है। इस मामले में मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी है। सोमनाथ ने अब सर्वोच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। उनका कहना है कि जब तक फैसला नहीं आ जाता, वह आत्समर्पण नहीं करेंगे।
dharmpath.com dharmpath