आप की महिला कार्यकर्ता ने की खुदकुशी, भाजपा ने साधा निशाना

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की एक महिला कार्यकर्ता ने यौन उत्पीड़न के आरोपी पार्टी के ही सदस्य के जमानत पर रिहा होने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी बुधवार को दी।

महिला कार्यकर्ता द्वारा खुदकुशी किए जाने पर आप पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भजपा) ने कहा है इस घटना ने आप का महिला विरोधी चरित्र उजागर कर दिया है।

मृतका की पहचान सोनी के रूप में हुई है। वह दिल्ली के नरेला इलाके में अपनी दो बेटियों और अन्य परिजनों के साथ रहती थीं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “महिला ने अपनी पार्टी के एक सहयोगी रमेश वाधवा के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दो जून को दर्ज कराई थी। हमने वाधवा के खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया और तीन जून को उन्हें गिरफ्तार किया गया था।”

अधिकारी ने कहा कि वाधवा को चार जून को जमानत मिल गई थी।

पुलिस ने बताया कि वाधवा के खिलाफ आपराधिक धमकी देने और यौन उत्पीड़न के आरोप में मामले दर्ज किए हैं।

अधिकारी ने कहा, “मंगलवार को अपराह्न 2.0 बजे महिला ने शीतल पेय में कुछ मिलाकर पी ली और आत्महत्या की कोशिश की। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन शाम में करीब 7.0 बजे उसकी मौत हो गई।”

अधिकारी ने कहा कि छेड़छाड़ के कथित आरोपी के खिलाफ पार्टी द्वारा कोई कार्रवाई शुरू नहीं किए जाने से वह दुखी थी।

पुलिस ने आगे कहा कि 22 जून को अदालत ने वाधवा की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में सोनी ने वाधवा पर लगातार परेशान करने और यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया था। महिला ने अपनी पार्टी में भी इस मामले को उठाया था, लेकिन वाधवा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।

इस बीच महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी को जमानत मिलने के बाद सोनी अवसाद में चली गई थीं।

आप पर निशाना साधते हुए भाजपा के दिल्ली अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने आईएएनएस से कहा, “आप का असली चेहरा उजागर हो गया है और पार्टी की महिला कार्यकर्ता की आत्महत्या ने इस तथ्य को साबित कर दिया है कि यह एक महिला विरोधी पार्टी है।”

उपाध्याय ने कहा, “महिला ने पार्टी के नेताओं के समक्ष मुद्दे को उठाया था, लेकिन उन लोगों ने उसकी शिकायत को नजरअंदाज किया।”

उपाध्याय ने कहा, “पहली घटना नहीं है। आप नेताओं के खिलाफ करीब छह मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें साथ काम करने वाली या कार्यालय में उनसे मिलने जाने वाली महिलाओं ने उन पर दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493