आप के बर्खास्त मंत्री संदीप की पुलिस हिरासत बढ़ी

नई दिल्ली, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली की एक अदालत ने दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार दिल्ली सरकार के बर्खास्त मंत्री संदीप कुमार की पुलिस हिरासत सोमवार को बढ़ा कर आठ सितंबर तक कर दी है।

कुमार को एक महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है, जो एक वीडियो क्लिप में उनके साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आई थी।

कुमार को एक दिन की पुलिस हिरासत के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां विशेष न्यायाधीश पूनम चौधरी ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में दे दिया।

पूर्व समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास मंत्री को एक महिला की शिकायत पर शनिवार को गिरफ्तार किया गया। महिला ने सुल्तानपुरी पुलिस थाने में उनके खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी।

कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म के लिए सजा) और 328 (अपराध करने के इरादे से जहर के माध्यम से नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उनके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि कुमार के आवासीय कार्यालय में उनके साथ यौन शोषण किया गया था, जहां वह अपना राशन कार्ड बनवाने गई थीं।

महिला ने आरोप लगाया है कि कुमार ने उसे मादक पदार्थ मिश्रित पेय पीने के लिए दिया, जिसके बाद उसे कुछ नहीं पता कि क्या कुछ हुआ, और उसने क्या किया।

दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना हुई थी।

सेक्स वीडियो वायरल होने के बाद कुमार को बुधवार को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था। कुमार ने गुरुवार को अपना बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है और दलित होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493